सिद्धार्थनगर के बढ़नी ब्लॉक में चोरों का आतंक:ग्रामीण और पुलिस मिलकर कर रहे रात में गश्त

0
0

सिद्धार्थनगर। बढ़नी ब्लॉक क्षेत्र के परसा, परसोहिया, भरौली, सेवरा, दुधवनिया बुजुर्ग, मुजहना सहित कई गांवों में चोरों के आतंक से ग्रामीण परेशान हैं। सुरक्षा के मद्देनजर ग्रामीणों ने रात में गश्त शुरू कर दी है।

दुधवनिया बुजुर्ग ग्राम पंचायत के प्रधान शईद आलम ने ग्रामीणों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्णय लिया। ग्राम पंचायत ने गश्त के लिए एक विशेष टीम का गठन किया है।

ग्रामीण पिछले 18 दिनों से लाठी-डंडे और टॉर्च लेकर रात में चौक-चौराहों और गलियों में पहरा दे रहे हैं। पुलिस प्रशासन ने भी गश्त बढ़ाने और ग्रामीणों को सतर्कता बरतने को कहा है।

पुलिस और ग्रामीणों की संयुक्त गश्त से गांव में कई दिनों से शांति का माहौल बना हुआ है। पहले जहां चोरों का भय था, वहीं अब कोई अप्रिय घटना नहीं हुई है। ग्राम प्रधान ने गश्त करने वाली टीम को हर संभव सहायता देने का आश्वासन दिया है।