हरिगढ़-कानपुर हाईवे पर भीषण सड़क हादसा, कार और कैंटर की टक्कर में 5 की मौत

0
1

हरिगढ़-कानपुर हाईवे पर मंगलवार सुबह एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा सुबह लगभग 5:45 बजे थाना अकराबाद क्षेत्र स्थित गोपी ओवरब्रिज के पास हुआ, जहां एक तेज रफ्तार कार डिवाइडर पार कर सामने से आ रहे आयशर कैंटर से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग लग गई और मौके पर ही कार सवार चार लोगों और कैंटर चालक की जलकर मौत हो गई।

स्थानीय लोगों ने किसी तरह कार में फंसे एक व्यक्ति को बाहर निकालकर अस्पताल भेजा, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। मृतकों में एक बच्चा भी शामिल है। अब तक शवों की पहचान नहीं हो पाई है।

हादसे की वजह बनी नींद या असंतुलन

प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह कार चालक को नींद आना या वाहन का असंतुलित होना माना जा रहा है। कार हरिगढ़ से कानपुर की ओर जा रही थी और अचानक ही डिवाइडर पार करते हुए सामने से आ रहे कैंटर से जा टकराई। टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई, जिसने मौके पर मौजूद लोगों को भी झकझोर कर रख दिया।

दमकल की देरी से पहुंची गाड़ियां, प्रशासन अमला मौके पर

सूचना मिलने के बाद दमकल विभाग की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी और आग ने विकराल रूप धारण कर लिया था। घटना की सूचना मिलते ही एसपी देहात अमृत जैन, स्थानीय पुलिस और आसपास के थानों की फोर्स मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया।

अन्य सड़क हादसे: बहराइच और बरेली में भी तीन की मौत, कई घायल

इसी दिन बहराइच ज़िले के दरगाह थाना क्षेत्र में खेत जा रहे एक किसान और फूल तोड़ने गई दो महिलाओं को तेज रफ्तार पिकअप ने कुचल दिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा बहराइच-बलरामपुर मार्ग पर हुआ।

वहीं बरेली के बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली ने इनोवा कार को जोरदार टक्कर मार दी। इनोवा में सवार आधा दर्जन किन्नर गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हादसे के बाद ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया।