अपने ही लोगों पर बरसे पाकिस्तान के लड़ाकू विमान, बच्चों समेत 30 नागरिकों की मौत, दर्जनों घायल

0
0

पाकिस्तान से एक चौंकाने वाली और दिल दहलाने वाली खबर सामने आई है। पड़ोसी मुल्क की वायुसेना ने आतंकियों से नहीं बल्कि अपने ही देशवासियों पर हवाई हमला कर दिया। आधी रात को हुई इस बमबारी में दर्जनों बेगुनाह नागरिक मौत के घाट उतर गए, जबकि कई गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक रविवार तड़के करीब 2 बजे पाकिस्तानी वायुसेना के लड़ाकू विमान तिराह घाटी पहुंचे और मत्रे दारा गांव पर आठ एलएस-6 बम गिरा दिए। धमाकों से पूरा इलाका दहल उठा और चारों तरफ मलबा और चीख-पुकार सुनाई देने लगी। शुरुआती आंकड़ों के अनुसार, इस हमले में कम से कम 30 नागरिकों की मौत हो चुकी है और मृतकों की संख्या और बढ़ने की आशंका है।

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ दर्दनाक मंजर

एयर स्ट्राइक के बाद की तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रही हैं। इनमें कई शव मलबे के बीच पड़े दिखाई दे रहे हैं, जिनमें महिलाएं और बच्चे भी शामिल हैं। राहत और बचाव दल लगातार मलबा हटाकर शव और घायलों को निकालने का काम कर रहे हैं। हालांकि, पाकिस्तान सरकार या सेना की ओर से अभी तक कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

खैबर पख्तूनख्वा में बढ़ा असंतोष

रिपोर्ट्स बताती हैं कि घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। खैबर पख्तूनख्वा का यह इलाका लंबे समय से अस्थिरता और हिंसा का गढ़ रहा है। जनवरी से अगस्त 2025 तक यहां 600 से ज्यादा आतंकी घटनाएं दर्ज हो चुकी हैं। सिर्फ अगस्त महीने में ही 129 घटनाएं सामने आईं। ऐसे हालात में पाकिस्तानी सेना का अपने नागरिकों पर हमला करना वहां की आंतरिक स्थिति और गहरे संकट को उजागर करता है।