दीपोत्सव 2025 पर अयोध्या को मिलेंगी 1,700 करोड़ रुपये की परियोजनाएं; CM योगी करेंगे उद्घाटन और शिलान्यास

0
1

इस बार दीपोत्सव 2025 पर रामनगरी अयोध्या को एक बार फिर विकास की बड़ी सौगात मिलने जा रही है। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगभग 1700 करोड़ रुपये की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इनमें लगभग 50 योजनाओं का लोकार्पण तथा इतनी ही योजनाओं का शिलान्यास किया जाएगा। यह कार्यक्रम रामकथा पार्क से सम्पन्न होगा, जहां मुख्यमंत्री स्वयं मौजूद रहेंगे।

विकास की ओर एक और कदम

अयोध्या के जिलाधिकारी निखिल टीकाराम फुंडे ने बताया कि शासन ने सभी प्रस्तावित योजनाओं की विस्तृत सूची मांगी थी, जो भेजी जा चुकी है। शासन की मंजूरी मिलते ही तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी। अनुमान है कि दीपोत्सव के दौरान इन योजनाओं पर काम का शुभारंभ हो जाएगा। इन परियोजनाओं में ओवरब्रिज, स्वास्थ्य सुविधाएं, बुनियादी ढांचा, और शिक्षा संस्थान शामिल हैं।

49 करोड़ से बने आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण

इस अवसर पर अयोध्या के मवई ब्लॉक के हुनहुना गांव में स्थित राजकीय आयुर्वेदिक मेडिकल कॉलेज का भी लोकार्पण किया जाएगा। यह कॉलेज पिछले चार वर्षों से निर्माणाधीन था और अब बनकर तैयार हो गया है। इसका निर्माण कार्य वर्ष 2021-22 में शुरू हुआ था, जिसे कंस्ट्रक्शन एंड डिजाइन सर्विसेज (CDS) द्वारा पूरा किया गया।

कॉलेज की कुल लागत 49.20 करोड़ रुपये रही है। डीओ अयोध्या डॉ. महेंद्र सिंह विष्णु, जो इस परियोजना के नोडल अधिकारी हैं, ने बताया कि कॉलेज और उससे जुड़े चिकित्सालय का भवन तैयार है और हैंडओवर की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। शुरुआत में दो वर्षों तक यहां चिकित्सा सेवाएं (ओटी आदि) प्रारंभ की जाएंगी। जब यह संस्थान एसीआईएसएम मानकों के अनुसार कार्य करने लगेगा, तब 60 विद्यार्थियों के प्रवेश की अनुमति शासन द्वारा दी जाएगी।