भारतीय एयरस्पेस में पाक विमानों की ‘नो एंट्री’, सरकार ने बढ़ाई रोक

0
0

भारत ने एक बार फिर पाकिस्तान में रजिस्टर्ड विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र के इस्तेमाल पर प्रतिबंध को आगे बढ़ा दिया है। अब यह एयरस्पेस बैन 23 अक्टूबर 2025 तक प्रभावी रहेगा। भारत द्वारा जारी नोटम (NOTAM – Notice to Airmen) के अनुसार, यह रोक पाकिस्तानी एयरलाइंस, ऑपरेटरों, और लीज पर लिए गए विमानों, यहां तक कि सैन्य उड़ानों पर भी लागू होगी।

यह फैसला ऐसे समय लिया गया है जब भारत और पाकिस्तान के बीच कूटनीतिक और सुरक्षा संबंधी तनाव अपने चरम पर है, विशेष रूप से 22 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद, जिसमें 26 लोगों की जान गई थी।

पहलगाम हमले के बाद लगा प्रतिबंध

22 अप्रैल को हुए इस हमले के बाद भारत ने कड़ा रुख अपनाते हुए पाकिस्तान के विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र बंद कर दिया था। इसके जवाब में पाकिस्तान ने भी भारतीय विमानों और एयरलाइनों के लिए अपने एयरस्पेस पर बैन लगा दिया। तब से अब तक दोनों देश इस प्रतिबंध को हर महीने आगे बढ़ाते आ रहे हैं।

सुरक्षा कारणों से लिया गया फैसला

भारत सरकार ने स्पष्ट किया है कि यह फैसला राष्ट्रीय सुरक्षा के दृष्टिकोण से लिया गया है। यह प्रतिबंध पाकिस्तान में पंजीकृत हर प्रकार के विमान, चाहे वे निजी, कॉमर्शियल या सैन्य हों, उन पर लागू होगा। भारत ने कहा है कि जब तक सुरक्षा स्थिति में कोई ठोस सुधार नहीं होता, तब तक यह रोक जारी रह सकती है।

पाकिस्तान ने भी बढ़ाया बैन

उधर पाकिस्तान ने भी बीते शुक्रवार को एक और नोटम जारी कर भारतीय विमानों के लिए अपना हवाई क्षेत्र 24 अक्टूबर 2025 तक बंद रखने का ऐलान किया। यह छठी बार है जब पाकिस्तान ने इस प्रतिबंध को बढ़ाया है।

एविएशन सेक्टर पर असर

भारत और पाकिस्तान के इस हवाई क्षेत्र प्रतिबंध से दोनों देशों की एयरलाइनों को वैकल्पिक मार्गों का सहारा लेना पड़ रहा है, जिससे फ्लाइट्स का समय और लागत दोनों में वृद्धि हो रही है। अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी इसका सीधा असर देखा जा रहा है।