सिद्धार्थनगर के बांसी-नंदौर मार्ग पर बुधवार रात एक सड़क हादसा हुआ। बेलौहा बाजार पंप के पास दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में महादेव ब्लॉक मिठवल निवासी मोनू यादव घायल हो गए।
ये है मामला
घटना उस समय हुई जब मोनू यादव अपने दोस्त अर्जुन यादव के घर से लौट रहे थे। बेलौहा बाजार पंप के पास सामने से आ रही बाइक ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मोनू यादव सड़क पर गिर गए। दूसरा बाइक चालक अपनी गाड़ी छोड़कर मौके से फरार हो गया।
स्थानीय लोगों ने घायल मोनू को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खेसरहा पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया। पुलिस को घटना की सूचना दी गई है। पुलिस फरार बाइक चालक की तलाश में जुटी है।
ग्रामीणों का कहना है कि बांसी-नंदौर मार्ग पर आए दिन सड़क हादसे होते रहते हैं। तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों की वजह से राहगीरों की सुरक्षा खतरे में है। ग्रामीणों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात व्यवस्था को कड़ा करने की मांग की है।












