वन्यजीव तस्करी के एक बड़े मामले में को उजागर करते हुए, मुंबई के छत्रपति शिवाजी महाराज अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे (सीएसएमआईए) पर सीमा शुल्क विभाग ने ठाणे से एक महिला यात्री को गिरफ्तार किया है, जिसके पास 154 विदेशी जानवर पाए गए थे। जब्त की गई प्रजातियों में एनाकोंडा, इगुआना, कछुए, छिपकली और रैकून शामिल हैं।
अधिकारियों के अनुसार, हवाईअड्डे पर महिला की गतिविधियां संदिग्ध लगीं, जिसके बाद सीमा शुल्क अधिकारियों ने उसे रोका और उसके सामान की जांच की। तलाशी के दौरान, अधिकारियों को उसके सामान के अंदर छिपे कई जीवित विदेशी जानवर मिले। बचाए गए सभी जानवरों को मेडिकल जांच और पुनर्वास के लिए रेस्क्यूइंग एसोसिएशन फॉर वाइल्डलाइफ वेलफेयर (RAW) को सौंप दिया गया है। अधिकारियों ने पुष्टि की कि जब्त किए गए जानवरों में से कई लुप्तप्राय और संरक्षित श्रेणियों के तहत सूचीबद्ध प्रजातियों के हैं।
सीमा शुल्क विभाग ने वन्यजीव अपराध नियंत्रण ब्यूरो (डब्ल्यूसीसीबी) को मामले के बारे में सूचित कर दिया है, और जानवरों के स्रोत और इच्छित गंतव्य का पता लगाने के लिए आगे की जांच चल रही है। आरोपी महिला पर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के प्रासंगिक प्रावधानों के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसे गिरफ्तार कर लिया गया है।
अधिकारियों ने यह भी कहा है कि बचाए गए जानवरों को उनके मूल देशों में वापस भेजने की व्यवस्था की जा रही है












