आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले में शुक्रवार तड़के एक दिल दहला देने वाला हादसा हुआ। (भग्यनगर) हैदराबाद-बेंगलुरु राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक निजी बस बाइक से टकराने के बाद आग की लपटों में घिर गई। हादसा इतना भयानक था कि देखते ही देखते पूरी बस जलकर राख हो गई। अब तक 20 लोगों के मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य यात्रियों के झुलसने और लापता होने की आशंका है।
हादसा तड़के चार बजे के करीब
पुलिस के मुताबिक यह दर्दनाक घटना चिन्ना टेकुरु गांव के पास सुबह करीब 4 बजे हुई, जब कावेरी ट्रैवल्स की एक प्राइवेट बस हैदराबाद से बेंगलुरु जा रही थी। उसी दौरान सामने से आ रही एक बाइक बस से टकरा गई, जिससे संतुलन बिगड़ गया और कुछ ही सेकंड में बस के नीचे से उठी चिंगारी ने पूरी गाड़ी को आग की लपटों में झोंक दिया।
हादसे के वक्त बस में लगभग 40 यात्री सवार थे। बताया जा रहा है कि केवल 20 लोग किसी तरह बाहर निकल पाए, बाकी यात्री अंदर ही फंस गए। आग इतनी तेज़ थी कि बचाव दल के पहुंचने से पहले बस पूरी तरह जल चुकी थी।
रात के अंधेरे में मच गया हाहाकार
स्थानीय लोगों के अनुसार, टक्कर के बाद बस से जोरदार धमाका हुआ और आग फैलते ही यात्रियों में अफरातफरी मच गई। कई लोग बाहर निकलने की कोशिश करते रहे, लेकिन दरवाजे और खिड़कियां जाम होने के कारण वे बाहर नहीं निकल पाए। अंधेरा और तेज़ आग के चलते समय पर राहत नहीं मिल सकी, जिससे हताहतों की संख्या बढ़ गई।
दमकल विभाग ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस लगभग राख में तब्दील हो चुकी थी। पुलिस ने मौके से झुलसे शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतकों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।
मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने जताया दुख
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने इस भीषण दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स (पूर्व ट्विटर) पर लिखा, ”कुरनूल जिले में हुई बस आग दुर्घटना की खबर सुनकर मैं अत्यंत दुखी हूं। जिन्होंने अपने परिजनों को खोया है, उनके परिवारों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं। राज्य सरकार घायलों और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद पहुंचाएगी।”
मुख्यमंत्री ने इस हादसे की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है और मुख्य सचिव व जिला प्रशासन को तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्यों की निगरानी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने अधिकारियों से घायलों के इलाज की समुचित व्यवस्था करने और मृतकों के परिजनों को आर्थिक सहायता देने के निर्देश भी दिए हैं।
जांच के आदेश, राहत कार्य जारी
पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम अब भी घटनास्थल पर मौजूद है। प्राथमिक जांच के अनुसार, तेज रफ्तार और ईंधन लीकेज हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है। जिला प्रशासन ने मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई है और बचाव अभियान तेज़ कर दिया है।










