मदरसे में शर्मनाक हरकत… 8वीं की छात्रा से मांगा ‘वर्जिनिटी सर्टिफिकेट’, इनकार करने पर गली-गलौज कर बाहर निकाला, SSP के आदेश पर जांच तेज

0
22

मुरादाबाद में मदरसे का घिनौना खेल, 13 वर्षीय छात्रा से ‘कौमार्य प्रमाणपत्र’ की मांग, परिवार ने किया विरोध, अब पुलिस जांच में जुटा मामला

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में एक मदरसे से ऐसा मामला सामने आया है जिसने समाज को झकझोर कर रख दिया है। यहां एक 13 वर्षीय छात्रा से मदरसा प्रशासन ने ‘वर्जिनिटी सर्टिफिकेट’ यानी कौमार्य प्रमाणपत्र की मांग की। जब छात्रा के परिवार ने इस अमर्यादित मांग को पूरा करने से इनकार किया, तो नाबालिग का नाम काटकर उसे टीसी पकड़ा दी गई। परिजनों का आरोप है कि फीस भी मदरसे वालों ने हड़प ली।

पिता ने SSP को सौंपी शिकायत

चंडीगढ़ निवासी पीड़ित पिता ने इस घटना की शिकायत मुरादाबाद एसएसपी को की है। उनका कहना है कि वर्ष 2024 में उन्होंने अपनी बेटी का दाखिला पाकबड़ा क्षेत्र के लोधीपुर स्थित एक मदरसे में करवाया था। एडमिशन के समय मदरसा प्रबंधन ने ₹35,000 फीस ली थी। बेटी ने 7वीं कक्षा पास कर ली थी और इस वर्ष 8वीं में दाखिला होना था।

पहले वर्जिनिटी टेस्ट करवाओ, तभी प्रवेश मिलेगा’

शिकायत के मुताबिक, जुलाई 2025 में पिता अपनी बेटी को घर ले आए थे क्योंकि मां मायके प्रयागराज गई हुई थीं। अगस्त में जब बेटी को दोबारा पढ़ाई के लिए मदरसे छोड़ने पहुंचे तो मदरसे के इंचार्ज और प्रिंसिपल ने रोक दिया। उन्होंने कहा कि पहले मेडिकल टेस्ट करवाकर वर्जिनिटी सर्टिफिकेट लाओ, तभी प्रवेश मिलेगा।

जब पीड़िता और उसकी मां ने नाबालिग के मेडिकल कराने से साफ इनकार किया, तो मदरसा प्रशासन ने गाली-गलौज करते हुए टीसी थमा दी और कहा कि “अब यहां दोबारा मत आना।”

पुलिस जांच में जुटी

परिवार ने कई बार अनुरोध किया, मगर मदरसा प्रबंधन नहीं माना। इसके बाद 14 अक्टूबर 2025 को छात्रा के पिता ने एसएसपी सतपाल अंतिल को लिखित शिकायत दी। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने पाकबड़ा थाना प्रभारी को जांच के आदेश दिए हैं। फिलहाल पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और आरोपों की पुष्टि में जुटी है।