श्रावस्ती के नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में दूसरे गांव के एक घर से बरामद हुआ है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, नवीन मॉडर्न थाना क्षेत्र के पूरे मंसाराम निवासी 22 वर्षीय संजय नामक यह युवक लगभग चार महीने बाद बीते शुक्रवार को ही मुंबई से मजदूरी कर अपने घर लौटा था। वह शुक्रवार शाम को घर से निकला था, जिसके बाद वह वापस नहीं आया।
पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही
युवक की मां ने बताया कि उन्होंने संजय की तलाश की थी। शुक्रवार शाम को घर से निकले संजय का शव आज उसके गांव से करीब दो किलोमीटर दूर परशुरामपुर गांव में भगोले यादव के घर से मिला। स्थानीय लोगों की माने तो बताया जा रहा है कि मृतक संजय का भगोले यादव के घर अक्सर आना-जाना रहता था, जिसकी जानकारी दोनों परिवारों को थी।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, संजय का भगोले यादव के घर की एक लड़की से प्रेम प्रसंग चल रहा था। लड़की की शादी कुछ साल पहले हो चुकी थी, लेकिन वह अपने मायके में ही रह रही थी। संजय अविवाहित था। उसके पिता का निधन हो चुका है और वह अपनी मां व एक भाई के साथ रहता था। पुलिस पूरे मामले की गहनता से जांच कर रही है। संजय की मौत कैसे हुई, यह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगा।












