श्रावस्ती: विदेश भेजने के नाम पर ठगी: जमुनहा में 18 युवकों से 7.61 लाख रुपए हड़पा, पीड़ित ने की शिकायत

0
17

श्रावस्ती के जमुनहा में सऊदी अरब भेजने के नाम पर 18 युवकों से 7 लाख 61 हजार 500 रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित अब्दुल्ला ने उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।



अब्दुल्ला पुत्र छब्बन, निवासी कैलाशपुर दा झुम्मन गांव, थाना रूपईडीहा, ने आरोप लगाया है कि उसके रिश्तेदार भेला गांव, थाना मल्हीपुर, श्रावस्ती निवासी मिकाइल पुत्र महमूद हाजी ने वर्ष 2023 में उन्हें सऊदी अरब भेजने का झांसा दिया। मिकाइल ने वीजा और विदेश भेजने के नाम पर 18 युवकों से कुल 7 लाख 61 हजार 500 रुपये लिए।

पैसे लेने और मेडिकल कराने के बाद, मिकाइल ने अपना मोबाइल बंद कर दिया और पीड़ितों से बात करना बंद कर दिया। इससे युवकों को ठगी का एहसास हुआ।

जब अब्दुल्ला पैसे वापस लेने के लिए मिकाइल के घर भेला गांव गए, तो मिकाइल वहां नहीं मिला। उसके पिता महमूद हाजी और भाई अच्छन घर पर मौजूद थे। पैसे मांगने पर उन्होंने गाली-गलौज की और मारपीट पर उतारू हो गए। उन्होंने पैसे देने से साफ इनकार कर दिया।

इसके बाद, अब्दुल्ला ने मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश सरकार सहित पुलिस विभाग श्रावस्ती और अन्य उच्चाधिकारियों को प्रार्थना पत्र भेजकर मिकाइल और उसके परिवार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। प्रार्थी के पास गूगल पे और पेटीएम के माध्यम से दिए गए पैसों के सबूत भी मौजूद हैं।