हैदराबाद: हिंदी सिनेमा के शानदार हास्य अभिनेता सतीश शाह का आज शनिवार दोपहर 2.30 बजे मुंबई के हिंदूजा अस्पताल में 74 साल की उम्र में किडनी फेल होने से निधन हो गया. वह साराभाई वर्सेज साराभाई में अपने बेहतरीन रोल के लिए पहचान रखते थे.
‘जाने भी दो यारो’, ‘साराभाई वर्सेस साराभाई’, ‘मैं हूं ना’, ‘ओम शांति ओम’ जैसी फिल्मों में अपने काम के लिए मशहूर दिग्गज अभिनेता सतीश शाह ने दर्शकों से खूब प्यार बटोरा था. फिल्म निर्माता अशोक पंडित ने अपने इंस्टाग्राम पर दिवंगत अभिनेता की एक तस्वीर साझा की. उन्होंने एक वीडियो भी साझा किया जिसमें उन्होंने अभिनेता के निधन का कारण बताया उन्होंने कहा, ‘मैं आपके साथ एक दुखद समाचार साझा करना चाहता हूं, हमारे मित्र, एक बेहतरीन अभिनेता, सतीश शाह का किडनी फेल होने के कारण निधन हो गया है, कुछ समय पहले, वह घर पर अचानक बीमार पड़ गए थे, उन्हें शिवाजी पार्क स्थित हिंदुजा अस्पताल ले जाया गया, उनका निधन हो गया है, उनका पार्थिव शरीर बांद्रा स्थित उनके आवास पर लाया जाएगा’.
उन्होंने आगे कहा, ‘मैं आपको उनके अंतिम संस्कार के बारे में सूचित करता रहूंगा, यह हमारी फिल्म इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ी क्षति है, मैंने सतीश के साथ बहुत काम किया है, सतीश एक महान व्यक्ति हैं’.
उन्होंने कैप्शन में एक लंबा नोट भी लिखा, ‘आपको यह बताते हुए दुख और सदमा हो रहा है कि हमारे प्रिय मित्र और एक बेहतरीन अभिनेता सतीश शाह का किडनी फेल होने के कारण कुछ घंटे पहले निधन हो गया, उन्हें हिंदुजा अस्पताल ले जाया गया जहां उन्होंने अंतिम सांस ली, ओम शांति’.
अभिनेता के परिवार में उनकी डिजाइनर पत्नी मधु शाह हैं. उन्होंने आखिरी पोस्ट एक्स पर की थी, जहां उन्होंने गोविंदा और शम्मी कपूर के साथ एक तस्वीर साझा की थी. पोस्ट में लिखा था, ‘जन्मदिन मुबारक हो प्यारे शम्मी जी, आप हमेशा मेरे आस-पास रहते हैं.
फिल्मों की बात करें तो, उन्हें आखिरी बार 2014 में साजिद खान द्वारा निर्देशित फिल्म ‘हमशक्ल’ में देखा गया था. इस फिल्म में सैफ अली खान, रितेश देशमुख, राम कपूर, तमन्ना भाटिया, ईशा गुप्ता और बिपाशा बसु ने अभिनय किया था.
बता दें, इस हफ्ते इंडस्ट्री में यह तीसरा बड़ा निधन है. इससे पहले, विज्ञापन जगत के दिग्गज पीयूष पांडे का शुक्रवार को और दिग्गज अभिनेता असरानी का सोमवार को निधन हो गया था और उससे भी पहले पंकज धीर दुनिया को अलविदा कह गये थे
फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर, अशोक पंडित ने दी श्रद्धांजलि
निर्माता अशोक पंडित ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा करते हुए दुख व्यक्त किया- “गहरे दुख और सदमे के साथ यह बताना पड़ रहा है कि हमारे प्रिय मित्र और शानदार अभिनेता सतीश शाह का निधन हो गया है। किडनी फेल होने के कारण उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। यह हिंदी फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के लिए अपूरणीय क्षति है। ओम शांति।” इस खबर के बाद से फिल्मी जगत में शोक की लहर दौड़ गई है, कई सेलेब्रिटीज़ ने सोशल मीडिया पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
गुजरात से मुंबई तक का सफर, कला के प्रति समर्पण रहा अद्भुत
सतीश शाह का जन्म गुजरात के मांडवी में हुआ था। उन्होंने मुंबई के सेंट जेवियर्स कॉलेज से पढ़ाई पूरी की और फिर पुणे के फिल्म एंड टेलीविज़न इंस्टिट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) से अभिनय का प्रशिक्षण लिया। साल 1972 में उन्होंने मधु शाह से विवाह किया था। कोरोना महामारी के दौरान वे संक्रमित हुए थे, लेकिन उस मुश्किल वक्त को पार कर लिया था। फिल्मों की बात करें तो उन्होंने ‘भगवान परशुराम’ से डेब्यू किया था। इसके बाद ‘अरविंद देसाई की अजीब दास्तान’, ‘उमराव जान’, ‘गमन’, ‘शक्ति’, और ‘जाने भी दो यारो’ जैसी क्लासिक फिल्मों में उन्होंने अमिट छाप छोड़ी।
अनुपम खेर ने शोक जताया
दिग्गज एक्टर अनुपम खेर ने भी शोक जताते हुए वीडियो पोस्ट किया और बोले, ‘क्या हो रहा है ये। तीन-चार दिन में इतने अच्छे लोग चले गए। मेरे साथ के लोग थे ये। मैं सतीश शाह को बोलता था- सतीश मेरे शाह, वो बोलता था- जहांपनाह। मैं चश्मा पहन लेता हूं ताकि ये जो आंसू हैं, नहीं दिखेंगे। ये शॉकिंग है। बड़ा ही अच्छा दोस्त था मेरा वो। हंसाता रहता था वो। जनरल नॉलेज कमाल की थी। कोई हक नहीं आपको ऐसे अचानक जाने का।’












