इस साल मुंबई में 27 और 28 अक्टूबर को छठ पूजा धूमधाम से मनाई जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए बीएमसी (BMC) ने पूरे शहर और उपनगरों में 67 स्थानों पर पूजा की तैयारी की है। प्रशासन ने 148 कृत्रिम विसर्जन टैंक, 403 चेंजिंग रूम, फॉगिंग, सफाई और रोशनी की विशेष व्यवस्था की है और आपात स्थिति के लिए हेल्पलाइन पर भी संपर्क किया जा सकता है।
Mumbai Chhath News: मुंबई में इस साल छठ पूजा 27 और 28 अक्टूबर को पूरे धूमधाम से मनाई जाएगी। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) ने व्यापक तैयारियां की हैं। इस बार शहर और उपनगरों में कुल 67 स्थानों पर छठ पूजा का आयोजन होगा, जो पिछले साल की तुलना में लगभग दोगुना है।
BMC की तैयारियां पूरी
BMC आयुक्त भूषण गगराणी और अतिरिक्त आयुक्त डॉ. अश्विनी जोशी के निर्देश पर इस बार सभी विभागों को समन्वित तरीके से काम करने के निर्देश दिए गए हैं। पूजा आयोजकों को अनुमति देने के लिए एक “सिंगल विंडो सिस्टम” शुरू किया गया है ताकि उन्हें मंजूरी और आवश्यक सहयोग में कोई दिक्कत न हो। हर विभाग में एक समन्वय अधिकारी नियुक्त किया गया है, जो पुलिस और ट्रैफिक विभाग से तालमेल बनाए रखेगा।
148 कृत्रिम विसर्जन स्थल तैयार
इस साल बीएमसी ने श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 148 कृत्रिम विसर्जन टैंक और तालाब बनाए हैं। इनका उद्देश्य समुद्र तटों और प्राकृतिक जलाशयों पर होने वाली भीड़ को कम करना है। सबसे अधिक टैंक घाटकोपर (44), दहिसर (22) और कांदिवली (16) क्षेत्रों में तैयार किए गए हैं। सभी स्थलों पर स्वच्छ पानी, सफाई और प्रकाश व्यवस्था की पूरी देखरेख की जा रही है।
सफाई की विशेष सुविधा
पूजा के दौरान बीएमसी की ओर से अतिरिक्त सफाई कर्मचारी और वाहन तैनात रहेंगे। हर स्थल पर निर्माल्य कलश, अस्थायी शौचालय, टेबल-कुर्सियां, और फॉगिंग की व्यवस्था की गई है। बीएमसी का लक्ष्य है कि पूजा स्थलों की सफाई और कचरा निपटान पर खास ध्यान दिया जाए ताकि गंदगी या जलभराव की स्थिति न बने।
श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं
श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बीएमसी ने 403 चेंजिंग रूम बनाए हैं। सभी स्थानों पर उचित प्रकाश व्यवस्था और पुलिस बंदोबस्त रहेगा। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग श्रद्धालुओं के लिए भी विशेष सुविधा सुनिश्चित की गई है। पार्किंग के लिए पुलिस विभाग के साथ मिलकर अलग व्यवस्था की गई है। सभी प्रमुख पूजा स्थलों पर पीने के पानी, फर्स्ट एड बूथ और एम्बुलेंस की व्यवस्था की गई है। जरूरत पड़ने पर स्वास्थ्यकर्मी मौके पर मौजूद रहेंगे। बीएमसी अधिकारी लगातार क्षेत्रों का दौरा कर यह सुनिश्चित करेंगे कि सभी सुविधाएं सुचारु रूप से चल रही हैं।
बीएमसी की अपील
बीएमसी ने नागरिकों से अपील की है कि वे सुरक्षा नियमों का पालन करें, गहरे पानी में न जाएं, और शांति व सादगी से छठ पूजा मनाएं। किसी भी आपात स्थिति में 1916 बीएमसी हेल्पलाइन नंबर पर तुरंत संपर्क करने को कहा गया है।















