देवरिया जिले के एकौना थाना क्षेत्र में रविवार शाम पिता-पुत्र पर चाकू से हमला किया गया। विशुनपुर बगही गांव निवासी राजकुमार सिंह (27) और अमरजीत सिंह (58) गंभीर रूप से घायल हो गए। राजकुमार की हालत गंभीर बनी हुई है।
हमले में घायल दोनों को तुरंत रुद्रपुर स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद राजकुमार सिंह को देवरिया मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया, जहां उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। अमरजीत सिंह का इलाज स्थानीय स्वास्थ्य केंद्र में चल रहा है।
घटना की सूचना मिलते ही एकौना पुलिस मौके पर पहुंची। पीड़ितों के बयान दर्ज किए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, लगभग 20-25 लोगों ने राजकुमार सिंह के घर पर हमला किया था।
बताया गया है कि राजकुमार सिंह कुछ दिन पहले ही छुट्टियां मनाने घर आए थे। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि उन्होंने हमले की सूचना पहले भी पुलिस को दी थी, लेकिन समय रहते कोई कार्रवाई नहीं की गई। पुलिस ने बताया आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। स्थानीय प्रशासन ने घटना की गंभीरता को देखते हुए गांव में सुरक्षा बढ़ा दी है।












