Father dies while trying to save his daughter in Sadabad | सादाबाद में बेटी को बचाने आए पिता की मौत: दहेज विवाद में ससुरालियों ने किया हमला, उपचार के दौरान दम तोड़ा – Sadabad News

0
9

सादाबाद क्षेत्र में दहेज विवाद में अपनी बेटियों को बचाने पहुंचे एक पिता की उपचार के दौरान मौत हो गई। ससुरालियों ने उन पर हमला कर सिर में पत्थर मारा था।

जानकारी के अनुसार, किशन सिंह की दो बेटियां पूजा और मानवी की शादी करीब छह साल पहले चिरावली गांव के दो सगे भाइयों से हुई थी। शादी के कुछ समय बाद से ही ससुराल पक्ष दहेज में अतिरिक्त पैसे और बाइक की मांग कर रहा था, जिसके चलते बेटियों पर लगातार दबाव बनाया जा रहा था।

दीपावली की सुबह ससुराल में विवाद बढ़ गया और ससुरालियों ने दोनों बहनों के साथ मारपीट शुरू कर दी। इसकी सूचना मिलने पर पिता किशन सिंह मौके पर पहुंचे। वहां ससुराल पक्ष ने उन पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया और उनके सिर में पत्थर मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

घायल किशन सिंह को तुरंत आगरा ले जाया गया, जहां उन्हें एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के बेटे टिंकू ने सादाबाद थाने में दोनों बहनोई और उनके परिजनों के खिलाफ लिखित तहरीर दी है और कड़ी कार्रवाई की मांग की है। प्रभारी निरीक्षक योगेश कुमार सिंह ने बताया कि शिकायत मिल चुकी है। चूंकि मामला कुछ दिन पुराना है, इसलिए इसकी प्रारंभिक जांच कराई जा रही है।