सहारनपुर में टायर ऑयल फैक्ट्री में विस्फोट: 2 मजदूरों की मौत और 5 झुलसे, उद्घाटन के सिर्फ 6 दिन बाद हादसा – saharanpur news tyre oil factory blast 2 labour died and 5 others injured

0
0

​सहारनपुर जिले के शेखपुरा कदीम गांव के पास रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। टायर से तेल निकालने वाली एक फैक्ट्री में बॉयलर फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद भीषण आग लग गई। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए।

Saharanpur News
सहारनपुर की खबर
रामबाबू मित्तल, सहारनपुर: यूपी के सहारनपुर जिले के शेखपुरा कदीम गांव के पास रविवार को एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। टायर से तेल निकालने वाली एक फैक्ट्री में बॉयलर फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद भीषण आग लग गई। हादसे में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच लोग गंभीर रूप से झुलस गए। पूरा इलाका अफरा-तफरी और चीख-पुकार से गूंज उठा।

धमाके की गूंज से सहम उठा इलाका
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह के समय फैक्ट्री में सामान्य कामकाज चल रहा था। तभी अचानक जोरदार धमाका हुआ जिसने आसपास के इलाके को हिला दिया। बॉयलर फटते ही आग की लपटें तेजी से पूरी फैक्ट्रीमें फैल गईं। कुछ मजदूर किसी तरह बाहर निकलने में सफल रहे, लेकिन कई लोग अंदर फंस गए। आसपास के लोगों ने तुरंत घटना की सूचना पुलिस और दमकल विभाग को दी। कुछ ही देर में एसपी सिटी समेत वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था।

दो की मौत, पांच घायल फैक्ट्रीमें मातम का माहौल
धमाके में दो मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। अस्पताल में उनके परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और उनकी पहचान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अधिकारियों ने घटनास्थल को सील कर दिया है और जांच टीम फैक्ट्री के अंदर से सबूत जुटाने में लगी है।

छह दिन पहले ही हुआ था फैक्ट्रीका उद्घाटन
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह फैक्ट्री ब्रिजेश प्रजापति नामक व्यक्ति की बताई जा रही है। चौंकाने वाली बात यह है कि इसका उद्घाटन अभी मात्र छह दिन पहले छोटी दिवाली के अवसर पर किया गया था। आसपास के लोगों का कहना है कि फैक्ट्री में सुरक्षा इंतज़ाम ना के बराबर थे और कर्मचारियों को बिना प्रशिक्षण के काम पर लगाया गया था। अब सवाल उठ रहे हैं कि क्या फैक्ट्री ने औद्योगिक सुरक्षा नियमों का पालन किया था या नहीं।

प्रशासन ने दिए जांच के आदेश
घटना की सूचना मिलते ही जिला प्रशासन हरकत में आ गया। एसपी सिटी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में बॉयलर फटने की वजह तकनीकी खराबी या लापरवाही मानी जा रही है। हालांकि, वास्तविक कारण का पता लगाने के लिए तकनीकी टीम गठित की गई है। जिलाधिकारी ने फैक्ट्री मालिक से जवाब तलब किया है और औद्योगिक विभाग को सुरक्षा जांच रिपोर्ट जल्द सौंपने के निर्देश दिए हैं।

ऐश्वर्य कुमार राय

लेखक के बारे मेंऐश्वर्य कुमार रायऐश्वर्य कुमार राय, नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में सीनियर जर्नलिस्ट हैं। अभी उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की राजनीति, ब्यूरोक्रेसी, क्राइम, सोशल मु्द्दे और रिसर्च बेस्ड खबरें कर रहे हैं। मीडिया के क्षेत्र में 12 साल का अनुभव रखने वाले ऐश्वर्य ने अपने करियर में इंटरनैशनल अफेयर्स, स्पोर्ट्स, एंटरटेनमेंट बीट पर काम किया है। एनबीटी में राष्ट्रीय और समसामयिक मुद्दों के साथ ही देश के विभिन्न राज्यों की चुनावी राजनीति, डिफेंस, बिजनस, पर्यावरण से जुड़ी खबरें भी लिखते रहे हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन करने के बाद भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) से पत्रकारिता में पीजी-डिप्लोमा की पढ़ाई की। पत्रकारिता का पेशेवर सफर देश की एकमात्र त्रिभाषीय एजेंसी UNI-वार्ता से शुरू हुआ और फिर NBT के साथ आगे की यात्रा। दिल्ली और लखनऊ कर्मभूमि है।… और पढ़ें