Child labour and child marriage prevention campaign in Shravasti | श्रावस्ती में बाल श्रम, बाल विवाह रोकथाम अभियान: पुलिस ने होटलों, ढाबों पर जांच कर लोगों को जागरूक किया – Hariharpur Rani(Shravasti) News

0
4

श्रावस्ती में राष्ट्रीय बाल अधिकार संरक्षण आयोग और महिला एवं बाल सुरक्षा संगठन के निर्देश पर बाल भिक्षावृत्ति उन्मूलन अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक मुकेश चंद्र उत्तम के आदेशानुसार यह अभियान जनपद स्तर पर बाल श्रम, बाल भिक्षावृत्ति और बाल विवाह की रोकथाम के लिए केंद्रित था।

थाना एएचटी श्रावस्ती से उपनिरीक्षक सतीश कुमार के नेतृत्व में एक टीम ने भिनगा, सेमरी और इटवारिया कस्बों के मुख्य चौराहों पर जागरूकता अभियान चलाया। टीम में आरक्षी अभिषेक कुमार, अमोल कुमार, महिला आरक्षी कंचन देवी, सरला अवस्थी और गरिमा सिंह शामिल थीं। इस दौरान होटलों, ढाबों और ऑटोमोबाइल वर्कशॉप सहित अन्य स्थानों की जांच की गई।

अभियान का उद्देश्य आमजन को बाल श्रम, बाल विवाह और भिक्षावृत्ति के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करना था। जनता को टोल फ्री नंबर 1090, 112, 1076, 1098, 102, 108 और साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 के बारे में जानकारी दी गई।

एएचटी प्रभारी ने लोगों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें। उन्होंने यह भी कहा कि यदि कोई व्यक्ति किसी बच्चे को होटल, ढाबे, ऑटोमोबाइल या किसी अन्य जगह पर काम करते हुए देखता है, तो तुरंत चाइल्ड हेल्पलाइन नंबर 1098 या आपातकालीन नंबर 112 पर सूचना दें।