अशोक कुमार | धोबहा(इटवा), सिद्धार्थनगर7 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

भरहिया में आग से छप्पर राख।
सिद्धार्थनगर जिले के खुनियांव तहसील अंतर्गत धोबहा एहतमाली भरहिया गांव में रविवार दोपहर एक गरीब परिवार का छप्पर आग लगने से जलकर राख हो गया। इस घटना में घर में रखा अनाज, कपड़े, बिस्तर और अन्य घरेलू सामान जल गए।
गांव निवासी बाबा बालक दास के घर में अज्ञात कारणों से आग लगी। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और छप्पर में रखे जरूरी दस्तावेज भी जलकर खाक हो गए।
आग की लपटें उठती देख ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने मिलकर पानी और बालू की मदद से काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि घटना के समय परिवार के सदस्य घर से बाहर थे, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में हड़कंप मच गया। ग्रामीणों ने तत्काल स्थानीय प्रशासन को इसकी जानकारी दी। सूचना पाकर क्षेत्र के जिम्मेदार अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और नुकसान का जायजा लिया।
आग लगने के सही कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है। हालांकि, अनुमान लगाया जा रहा है कि यह चूल्हे की चिंगारी या किसी अन्य कारण से लगी हो सकती है। ग्रामीणों ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को तत्काल आर्थिक सहायता प्रदान करने की मांग की है।
















