Moradabad Restaurant Fire,मुरादाबाद के परी रेस्टोरेंट में लगी आग, सिलेंडर धमाकों से पूरी बिल्डिंग तबाह, महिला की मौत और कई लोग गंभीर – fire breaks out at pari restaurant moradabad cylinder blast destroys building woman died several others critical

0
0

Moradabad Pari Restaurant Fire News: मुरादाबाद में देर रात रामपुर मार्ग पर स्थित परी रेस्टोरेंट के रसोई में रखे गैस सिलेंडर में आग पकड़ ली। सिलेंडर धमाके से पूरा रेस्टोरेंट आग की चपेट में आ गया। हादसे में एक महिला की मौत हो गई। परिवार के कई लोग घायल हो गए।

Moradabad Pari Restaurant Fire News
मुरादाबाद रेस्टोरेंट आग और सिलेंडर धमाका
रामबाबू मित्तल, मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद में रविवार की देर रात रामपुर रोड पर स्थित परी रेस्टोरेंट में पांच सिलेंडर धमाकों ने पूरे इलाके में अफरा-तफरी मचा दी। आतिशबाजी की चिंगारी से लगी आग ने कुछ ही मिनटों में भीषण रूप ले लिया। इस हादसे में रेस्टोरेंट मालिक की मां की मौत हो गई, जबकि परिवार के दस सदस्य गंभीर रूप से झुलस गए। देर रात तक आग की लपटें आकाश छूती रहीं और धमाकों से पूरा इलाका दहशत में था। पूरा रेस्टोरेंट जलकर राख हो गया।

जानकारी के मुताबिक, रामपुर रोड स्थित होटल क्लार्क इन के सामने परी रेस्टोरेंट के मालिक प्रदीप श्रीवास्तव अपने परिवार के साथ ऊपर की मंजिल पर रहते थे। रविवार रात पास के वेकेशन हॉल में शादी समारोह चल रहा था। बारात के स्वागत में की जा रही आतिशबाजी की एक चिंगारी रेस्टोरेंट के किचन तक जा पहुंची और गैस सिलेंडर ने आग पकड़ ली। देखते ही देखते आग ने रौद्र रूप धारण कर लिया।

जोरदार धमाकों की आवाज से फैली दहशत

आग इतनी भयानक थी कि कुछ ही क्षणों में एक के बाद एक पांच सिलेंडर धमाके के साथ फट गए। जोरदार धमाकों की आवाज सुनकर लोग घरों से बाहर निकल आए। इलाके में भगदड़ मच गई। आस-पास के लोगों ने किसी तरह फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर ग्यारह फायर टेंडर पहुंचे और करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया।

रेस्टोरेंट की ऊपरी मंजिल पर फंसे परिवार को बचाने के लिए फायरकर्मियों ने खिड़कियों और तीसरी मंजिल से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया। इस दौरान रेस्टोरेंट मालिक प्रदीप श्रीवास्तव, उनकी पत्नी शिवानी सक्सेना, बच्चे परी और वैभव, पिता जयप्रकाश, बहन साधना, बहनोई सचिन भटनागर (कांठ निवासी), भांजे शौर्य, अभिनव और वंश गंभीर रूप से झुलस गए। सभी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां कई की हालत नाजुक बताई जा रही है।

किसी को संभलने का मौका नहीं मिला

हादसे में प्रदीप श्रीवास्तव की मां मायादेवी आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। आसपास के लोगों ने बताया कि धमाकों के साथ आग इतनी तेजी से फैली कि किसी को संभलने का मौका तक नहीं मिला।

एसपी सिटी कुमार रणविजय सिंह ने बताया कि हादसे में एक महिला की मौत हुई है, जबकि 10 लोग गंभीर रूप से झुलसे हैं। दमकल की गाड़ियां समय रहते पहुंच गईं, जिससे बड़ा नुकसान होने से बचा। फिलहाल घायलों का इलाज जारी है और पुलिस आग लगने के कारणों की जांच में जुटी है।

धीरेंद्र सिंह

लेखक के बारे मेंधीरेंद्र सिंहधीरेन्द्र सिंह, नवभारत टाइम्स ऑनलाइन में सीनियर जर्नलिस्ट हैं। धीरेन्द्र सिंह राजनीति, क्राइम, शासन और व्यवस्था समेत अन्य मुद्दों की खबरें लिखते हैं। उत्तर प्रदेश, दिल्ली, जम्मू कश्मीर में ग्राउंड रिपोर्टिंग का भी अनुभव रखते हैं। पत्रकारिता के क्षेत्र में करीब 11 साल का अनुभव हासिल कर चुके हैं। करियर की शुरुआत दिल्ली से हुई है, जहां क्राइम रिपोर्टिंग समेत कई बीट देखीं। इन्होंने ने हिन्दुस्थान समाचार न्यूज एजेंसी दिल्ली, नवोदय टाइम्स दिल्ली, राजस्थान पत्रिका उत्तर प्रदेश, अमर उजाला जम्मू-कश्मीर, दैनिक जागरण लखनऊ उत्तर प्रदेश में रिपोर्टिंग का अनुभव प्राप्त किया। जम्मू कश्मीर में रिपोर्टिंग के दौरान पुलवामा आतंकी हमले और कफ्यू पर भी रिपोर्टिंग की है। साथ ही विधानसभा चुनाव के दौरान भी रिपोर्टिंग का अनुभव है। फिलहाल करीब 4 चार साल से नवभारत टाइम्स डिजिटल उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की विभिन्न बीट जैसे राजनीति, क्राइम, सॉफ्ट स्टोरी समेत अन्य मुद्दों पर खबरें लिखने की जिम्मेदारी है। इन्होंने देश के प्रतिष्ठित संस्थान दिल्ली यूनिवर्सिटी साउथ कैंपस (2013-14 बैच) से पत्रकारिता की पढ़ाई की है।… और पढ़ें