पुलिस अधीक्षक राहुल भाटी के निर्देश पर, श्रावस्ती पुलिस ने चोरी की एक घटना का सफल अनावरण किया है। नवीन मॉडर्न पुलिस थाना टीम ने एक महिला चोर को चोरी किए गए जेवरात के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई।
यह मामला गुरुवार को सामने आया, जब ईश्वर प्रताप वर्मा ने कटरा बाजार स्थित अपनी ज्वैलर्स की दुकान से चोरी की शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि दोपहर 1:20 से 1:30 बजे के बीच दो अज्ञात महिलाएं उनकी दुकान पर आईं। आभूषण देखने के बहाने उन्होंने सोने की एक जोड़ी बाली छिपा ली और वहां से चली गईं। बाद में, आभूषणों का वजन करने पर कमी पाई गई, जिसके बाद सीसीटीवी फुटेज की जांच में चोरी का खुलासा हुआ।
वादी की तहरीर के आधार पर, थाना स्थानीय पर मु0अ0सं0 101/2025 धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस की गहन विवेचना से पता चला कि घटना के दिन हरदोई जनपद के पांच लोग एक स्विफ्ट कार में कटरा कस्बा आए थे। इनमें से दो पुरुष और एक लड़की कार में बैठे थे, जबकि दो महिलाएं ज्वैलरी की दुकान में चोरी करने गई थीं। उन्होंने दो जोड़ी सोने की कान की बाली और छह जोड़ी चांदी के बिछुए चुराए थे।
विवेचना के दौरान, पुलिस टीम ने हरदोई में अभियुक्ता के घर पर दबिश दी और उसे गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर चोरी किए गए जेवरात में से एक सोने की बाली और दो जोड़ी चांदी का बिछुआ बरामद किया गया है। शेष अभियुक्तों की गिरफ्तारी और बचे हुए जेवरात की बरामदगी के लिए पुलिस टीम गठित कर प्रयास जारी हैं।

















