Doctors in Shravasti ordered thread for leg repairs | श्रावस्ती में टांगे लगाने को डॉक्टरों ने मंगवाया धागा: परिवार CMO की कार्रवाई से असंतुष्ट, अधीक्षक पर कार्रवाई की मांग – Shravasti News

0
5

श्रावस्ती जनपद के इकौना क्षेत्र में एक सप्ताह पूर्व हुए हादसे में एक युवक की मौत हो गई थी, जबकि उसका भाई गंभीर हालत में लखनऊ में उपचाराधीन है। परिजनों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) इकौना पर टांके के लिए धागा बाहर से मंगाने का आरोप लगाया था।

इस मामले में मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने बीते रविवार को सीएचसी इकौना के चिकित्साधिकारी, फार्मासिस्ट और वार्ड बॉय को हटाए जाने का बयान जारी किया था। हालांकि, पीड़ित परिवार इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है और अधीक्षक पर कार्रवाई की मांग कर रहा है।

परिवार का कहना है कि वे सीएमओ की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उनकी मांग है कि अस्पताल के अधीक्षक को निलंबित किया जाए, क्योंकि वे नौकरी के हकदार नहीं हैं। परिजनों ने यह भी बताया कि धागा मंगाया गया था, लेकिन उसका उपयोग नहीं किया गया और उसे वापस कर दिया गया। परिवार ने चेतावनी दी है कि अगर अधीक्षक पर कार्रवाई नहीं होती, तो वे धरना प्रदर्शन भी करेंगे।

इस घटना पर श्रावस्ती के सपा सांसद राम शिरोमणि वर्मा ने दुख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार से मुलाकात की इसे ‘निंदनीय’ बताया। उन्होंने कहा कि यदि अस्पताल पहुंचने पर परिजनों को समुचित इलाज मिलता तो आज यह स्थिति नहीं होती।

सांसद ने परिवार के आरोपों का समर्थन करते हुए कहा कि अस्पताल में धागा नहीं था और उन्हें इसे खरीदने के लिए इकौना बाजार जाना पड़ा। उन्होंने सवाल उठाया कि जिस अस्पताल में धागा नहीं है, वहां दवाएं कैसे होंगी। सांसद ने सीएमओ, जिला प्रशासन और शासन से बात कर लापरवाही बरतने वाले डॉक्टर को निलंबित करने की बात कही।

सपा सांसद राम शिरोमणि वर्मा पीड़ित परिवार से मिले।