Chhath Ghat decorated like a bride in Shohratgarh | शोहरतगढ़ में दुल्हन की तरह सजे छठ घाट: चहुँओर महापर्व की छाई रौनक, आज शाम व्रती महिलाएं डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी – Shohratgarh News

0
0

शोहरतगढ़7 मिनट पहले

  • कॉपी लिंक

शोहरतगढ़ नगर पंचायत क्षेत्र में छठ महापर्व की रौनक छाई हुई है। सोमवार शाम व्रती महिलाएं डूबते सूर्य को अर्घ्य देंगी। नगर के प्रमुख शिव बाबा मंदिर पोखरा छठ घाट को दुल्हन की तरह सजाया गया है।

घाटों पर दीपों की कतारें, फूलों की सजावट और रंगीन झालरें लगाई गई हैं, जिससे पूरा क्षेत्र रोशनी से जगमगा उठा है। हर ओर श्रद्धा और उत्साह का माहौल है।

सुबह से ही घाटों पर सफाई और सजावट का काम जारी था। नगर पंचायत की टीम ने घाटों की रंगाई-पुताई, साफ-सफाई और प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की है। बच्चों और युवाओं ने भी दीपों तथा झालरों से घाटों को सजाने में सहयोग किया।

शाम को व्रती महिलाएं पारंपरिक गीतों के साथ सूर्यदेव को पहला अर्घ्य देंगी। वे परिवार की सुख-समृद्धि और विशेषकर पुत्रों की दीर्घायु की कामना करेंगी। मंगलवार की सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ इस पर्व का समापन होगा।

नगर पंचायत अध्यक्ष उमा अग्रवाल ने बताया कि व्रती महिलाओं को कोई परेशानी न हो, इसके लिए सभी आवश्यक तैयारियां की गई हैं। घाटों पर पर्याप्त रोशनी, सुरक्षा और साफ पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। उन्होंने नगरवासियों के सहयोग से इस बार छठ घाटों को और अधिक आकर्षक बनाने की बात कही।

नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि रवि अग्रवाल, अधिशाषी अधिकारी सचिन कुमार, वकील खान, शिव शंकर, मनोज गुप्ता, शिव शक्ति शर्मा, अनूप, प्रियंका श्रीवास्तव और सतीश चंद सहित नगर पंचायत के कर्मचारी तथा स्थानीय लोग सजावट एवं व्यवस्था में सक्रिय रहे। आसपास के गांवों में भी छठ की रौनक देखने को मिल रही है, जहां लोग उत्साह के साथ घाटों की तैयारी में जुटे हैं।