प्रदीप कुमार मिश्रा | जोगिया(सिद्धार्थनगर), सिद्धार्थनगर5 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

छठ महापर्व।
सिद्धार्थनगर के जोगिया क्षेत्र में छठ महापर्व धूमधाम से मनाया गया। देर शाम व्रती महिलाओं ने नदियों के तटों पर डूबते सूर्य को अर्घ्य दिया। इस दौरान उनके परिजनों और श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखा गया।
दोपहर बाद से ही नदियों के किनारे पूजा स्थलों पर तैयारियां शुरू हो गई थीं। नदी के समीप बसे गांवों के लोगों ने अपने स्तर पर पूजा स्थल बनाए थे। इस कार्य में कई समाजसेवियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। ग्राम पंचायत लखनापार में नवयुवक लव कुश ,हरि नारायण के नेतृत्व में दर्जनों लोगों ने आयोजन के लिए एक समिति का गठन भी किया।
बुधी राप्ती नदी के ककराही क्षेत्र के निकट स्थित महुआ घाट पर भी श्रद्धालुओं ने पूजा स्थल तैयार किए थे। दोपहर बाद से ही लोग फल की टोकरियों और अन्य पूजा सामग्री के साथ अर्घ्य देने के लिए नदी तट पर पहुंचने लगे।
पर्व के दौरान व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। प्रशिक्षु क्षेत्र अधिकारी रोहिणी यादव ने जोगिया क्षेत्र के सभी पूजा स्थलों की निगरानी की। इस मौके पर उप निरीक्षक जनार्दन यादव, उप निरीक्षक गोवर्धन, कांस्टेबल मनोज, कांस्टेबल प्रदीप उपाध्याय, राजस्व निरीक्षक राजेश गुप्ता, डॉक्टर सूरज यादव और अमित गुप्ता सहित कई अधिकारी व गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
छठ महापर्व को लेकर लोगों में जबरदस्त उत्साह दिखाई दिया। लगभग हर गांव से बड़ी संख्या में लोगों ने इस महापर्व में भाग लिया। रामायण, महाभारत और राजा प्रियव्रत से जुड़ी पौराणिक कथाओं की मान्यताओं के आधार पर यह पर्व श्रद्धापूर्वक मनाया जाता है।

















