रेहान हुसैन | जमुनहा, श्रावस्ती2 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

उपजिलाधिकारी ने किया निरीक्षण।
श्रावस्ती में दैनिक भास्कर की खबर का बड़ा असर हुआ है। जिले के हरदत्त नगर गिरंट स्थित लट्ठापुरवा कृषि बीज गोदाम के लंबे समय से बंद होने के मामले में जिलाधिकारी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। इस कारण लगभग 50 हजार किसान खाद-बीज के लिए परेशान थे।
यह गोदाम कई महीनों से बंद पड़ा था, जिससे क्षेत्र के किसानों को बीज वितरण में भारी समस्या आ रही थी। किसानों को अपनी फसलों के लिए खाद और बीज प्राप्त करने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था।
खबर प्रकाशित होने के बाद उपजिलाधिकारी (एसडीएम) जमुनहा संजय रॉय ने मौके पर पहुंचकर हरदत्त नगर गिरंट और लट्ठापुरवा बीज गोदाम का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान गोदाम की दयनीय स्थिति सामने आई। भवन पर ताला लटका हुआ था, चारों ओर झाड़ियाँ उग आई थीं और बाउंड्री भी टूटी हुई मिली।
एसडीएम ने अधिकारियों को तत्काल गोदाम का संचालन शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि किसानों को जल्द राहत मिल सके। उन्होंने इस लापरवाही के लिए जिला कृषि अधिकारी को फटकार लगाई और उन्हें रात्रि निवास सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
जिलाधिकारी ने भी मामले में हुई देरी पर नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
अब उम्मीद है कि लाखों की लागत से निर्मित यह कृषि गोदाम जल्द ही खुलेगा, जिससे किसानों को खाद और बीज के लिए भटकना नहीं पड़ेगा।

















