रेहान हुसैन | जमुनहा, श्रावस्ती8 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

छठ पूजा का आयोजन।
श्रावस्ती के जमुनहा ब्लॉक में छठ महापर्व श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। क्षेत्र के बूढ़ी राप्ती नदी, त्रिकोनी घाट और बरगदहा घाट सहित कई स्थानों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ पड़ी।
छठ व्रतधारिणी महिलाओं ने पारंपरिक वस्त्र धारण कर उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। उन्होंने अपने परिवार की सुख-समृद्धि और कल्याण की कामना की। इस पर्व में महिलाएं ही नहीं, बल्कि पुरुष, बच्चे और बुजुर्ग भी पूरे आस्था भाव से शामिल हुए।
छठ महापर्व की मुख्य विशेषता सूर्य देव और छठी मईया की पूजा है। यह पर्व शुद्धता, आत्मसंयम और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करने का संदेश देता है। इसे सामाजिक एकता, स्वच्छता और प्रकृति, परिवार व समाज को जोड़ने वाला पर्व भी माना जाता है।
जमुनहा थाने के प्रभारी अंकुर वर्मा और चौकी प्रभारी योगेंद्र बाबू सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए पूरे समय घाटों पर तैनात रहे। पुलिस बल की मौजूदगी से श्रद्धालुओं ने शांतिपूर्ण और सुरक्षित माहौल में पूजा संपन्न की।

















