Shivsharanappa G.N. takes over as DM of Siddharthnagar | शिवशरणप्पा जी.एन. बने सिद्धार्थनगर के डीएम: डॉ. राजा गणपति आर को सीतापुर का डीएम बनाया गया – Siddharthnagar News

0
27

प्रदेश सरकार ने मंगलवार देर शाम बड़े प्रशासनिक फेरबदल के तहत 46 आईएएस अधिकारियों के तबादले कर दिए। इस सूची में सिद्धार्थनगर के जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर का नाम भी शामिल है। उन्हें सीतापुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। जबकि चित्रकूट के जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. को सिद्धार्थनगर का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।

डॉ. राजा गणपति आर ने सिद्धार्थनगर में अपने कार्यकाल के दौरान विकास योजनाओं को गति देने, कानून-व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने और जनसुनवाई प्रणाली को अधिक प्रभावी बनाने में उल्लेखनीय कार्य किया। उन्होंने छठ पर्व जैसे बड़े आयोजनों में घाटों की व्यवस्थाओं का स्वयं निरीक्षण कर प्रशासनिक संवेदनशीलता का परिचय दिया। उनके कार्यकाल में कई जनकल्याणकारी योजनाओं का सफल क्रियान्वयन हुआ और जनसंवाद को प्राथमिकता दी गई।

वहीं, नवनियुक्त डीएम शिवशरणप्पा जी.एन. एक अनुभवी और सख्त प्रशासक के रूप में पहचाने जाते हैं। चित्रकूट में अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने विकास कार्यों को गति देने के साथ-साथ भ्रष्टाचार पर कड़ी लगाम लगाई। उनकी प्रशासनिक कार्यशैली को देखते हुए उम्मीद जताई जा रही है कि सिद्धार्थनगर में विकास की रफ्तार और तेज होगी।

योगी सरकार द्वारा देर शाम जारी इस व्यापक तबादले को प्रशासनिक दृष्टि से महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। शासन का कहना है कि इन तबादलों का उद्देश्य प्रशासनिक सुचारुता, पारदर्शिता और योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना है।

सिद्धार्थनगर में अब सभी की निगाहें नए जिलाधिकारी शिवशरणप्पा जी.एन. पर टिकी हैं। वे जिले में विकास और जनहित से जुड़ी नीतियों को किस नई दिशा में आगे बढ़ाते हैं।