उत्तर प्रदेश शासन ने मंगलवार देर शाम 46 आईएएस अधिकारियों का बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। इस सूची में श्रावस्ती के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी का भी नाम शामिल है। उन्हें रामपुर का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। वहीं, अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष अश्वनी कुमार पांडेय को श्रावस्ती का नया जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
जानकारी के अनुसार, आईएएस अजय कुमार द्विवेदी (बैच 2015) ने 25 जून 2024 को श्रावस्ती के जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभाला था। मूल रूप से मध्य प्रदेश के ग्वालियर जिले के निवासी द्विवेदी ने अपने कार्यकाल में जिले के विकास के लिए कई उल्लेखनीय पहल कीं।
उन्होंने आकांक्षी जिला कार्यक्रम के तहत स्वास्थ्य, शिक्षा, पोषण, कृषि, जल संसाधन, वित्तीय समावेशन और कौशल विकास जैसे 49 प्रमुख संकेतकों पर सुधार के लिए काम किया। उनके प्रयासों से जिले की कई श्रेणियों में प्रदर्शन बेहतर हुआ और श्रावस्ती की रैंकिंग में सुधार दर्ज किया गया।

डीएम अजय कुमार द्विवेदी ने प्रशासनिक अनुशासन पर भी सख्ती दिखाई। सितंबर 2024 में उन्होंने बैठक में अनुपस्थित पाए गए 27 अधिकारियों का वेतन रोकने का आदेश दिया था। वहीं, अक्टूबर 2024 में उन्हें व्हाट्सएप पर धमकी भरे संदेश मिलने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।
अप्रैल 2025 में उन्होंने स्वयं किसान की तरह गेहूं की कटाई में हिस्सा लेकर उत्पादकता का निरीक्षण किया था, जिसकी चर्चा पूरे प्रदेश में हुई थी। उनके कार्यकाल में कई अवैध निर्माणों पर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई भी की गई।
इसके अलावा, बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों की निगरानी करते हुए उन्होंने एसडीआरएफ टीम की मदद से 21 लोगों की जान बचाने की तत्काल व्यवस्था की थी। अजय कुमार द्विवेदी स्वयं भी बाढ़ग्रस्त इलाकों में पहुंचे और राहत शिविरों की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
श्रावस्ती से तबादले के बाद अब अजय कुमार द्विवेदी रामपुर के नए जिलाधिकारी के रूप में कार्यभार संभालेंगे। वहीं, अश्वनी कुमार पांडेय से जिले में विकास कार्यों की रफ्तार बनाए रखने की उम्मीद की जा रही है।

















