शहजाद आलम | भारत भारी(डुमरियागंज), सिद्धार्थनगर17 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

छठ महापर्व पर उमड़ी श्रद्धा की भीड़।
आदर्श नगर पंचायत भारत भारी स्थित ऐतिहासिक और पौराणिक स्थल भारत भारी सागर तट पर सोमवार को छठ महापर्व श्रद्धा एवं उत्साहपूर्वक मनाया गया। सूर्योदय के समय व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। उन्होंने विधि-विधान से छठी मैया की पूजा-अर्चना की और सूर्य को अर्घ्य अर्पित किया। इस दौरान पूरा वातावरण “छठी मइया की जय” के जयघोष से गूंज उठा।
इस अवसर पर नगर पंचायत भारत भारी के चेयरमैन चंद्र प्रकाश उर्फ चंदू चौधरी भी भारत भारी घाट पर पहुंचे। उन्होंने व्रती महिलाओं और श्रद्धालुओं से मुलाकात कर छठी मैया का आशीर्वाद लिया। चेयरमैन ने घाट पर की गई व्यवस्थाओं का निरीक्षण भी किया। उन्होंने कहा, “छठ पर्व भारतीय संस्कृति का एक पवित्र और वैज्ञानिक पर्व है, जो सूर्य उपासना और प्रकृति के प्रति आभार व्यक्त करता है।”
इस दौरान चेयरमैन चंदू चौधरी ने बताया कि नगर पंचायत द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशेष साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। इन व्यवस्थाओं का उद्देश्य व्रतियों को किसी भी प्रकार की असुविधा से बचाना था। उन्होंने नगरवासियों से इस पवित्र पर्व के दौरान स्वच्छता और अनुशासन बनाए रखने की अपील की।
सूर्योपासना का अनुपम लोकपर्व छठ के पूजा-अर्चना संपन्न होने के बाद श्रद्धालुओं ने अपने परिवार और समाज की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। इस दौरान पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। छठ महापर्व ने एक बार फिर नगर पंचायत भारत भारी में सामुदायिक एकता और आस्था का संदेश दिया।

















