Shravasti’s new DM Ashwani Kumar Pandey took charge. | श्रावस्ती के नए डीएम अश्वनी कुमार पांडेय ने संभाला चार्ज: अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रहे, बोले- जनता की समस्याओं का निस्तारण प्राथमिकता – Shravasti News

0
36

श्रावस्ती में मंगलवार देर रात नवागत जिलाधिकारी अश्वनी कुमार पांडेय ने कार्यभार ग्रहण किया। पदभार संभालने के बाद उन्होंने कहा कि जनपद में सुशासन और पारदर्शिता के साथ काम किया जाएगा, जिसमें शासन की प्राथमिकताओं को सर्वोच्च महत्व दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें और जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक समय पर पहुंचाएं।


जिलाधिकारी अश्वनी कुमार पांडेय ने बताया कि उनका विशेष ध्यान जनपद में कानून-व्यवस्था सुदृढ़ करने, विकास कार्यों में तेजी लाने और शिकायतों के प्रभावी समाधान पर रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि आम नागरिकों की समस्याओं के निराकरण के लिए जनसुनवाई को प्राथमिकता दी जाएगी।

यह बदलाव बीते मंगलवार को हुआ, जब श्रावस्ती के जिलाधिकारी अजय कुमार द्विवेदी का तबादला रामपुर कर दिया गया। उनकी जगह अयोध्या विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष रहे अश्वनी कुमार पांडेय को श्रावस्ती का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है। शासन द्वारा जारी 46 अधिकारियों की तबादला सूची में अजय कुमार द्विवेदी का नाम भी शामिल था। अजय कुमार द्विवेदी ने जिले में एक वर्ष से अधिक समय तक सेवा दी और कई महत्वपूर्ण कार्य किए।

इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी शाहिद अहमद, अपर जिलाधिकारी अमरेंद्र कुमार वर्मा, उप जिलाधिकारी भिनगा आशीष भरद्वाज और वरिष्ठ कोषाधिकारी विनीत कुमार सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।