राजीव कुमार | बढ़नी चाफा(डुमरियागंज), सिद्धार्थनगर20 घंटे पहले
- कॉपी लिंक

घाट पर महिलाओं ने उगते सूर्य को दिया अर्घ्य।
लोक आस्था का चार दिवसीय महापर्व छठ मंगलवार सुबह उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ संपन्न हो गया। नगर पंचायत बढ़नीचाफा सहित डुमरियागंज तहसील क्षेत्र के विभिन्न छठ घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
महिलाएं, बच्चे और पुरुष पवित्र जल में खड़े होकर सूर्य देव को नमन करते हुए परिवार की सुख-समृद्धि की कामना करते दिखे।छठव्रती सुबह करीब चार बजे से ही घाटों पर पहुंचने लगे थे। जैसे-जैसे आकाश में सूर्य की लालिमा फैली, घाटों पर भक्ति और श्रद्धा का माहौल चरम पर पहुंच गया।
व्रतधारिणी महिलाओं ने विधि-विधान से उगते सूर्य को अर्घ्य दिया और पूजा-अर्चना की। इस दौरान लोकगीत ‘कांच ही बांस के बहंगिया, बहंगी लचकत जाय…’ वातावरण में गूंजते रहे, जिससे पूरा माहौल आध्यात्मिक रंग में रंग गया।
छठव्रतियों ने सूप में ठेकुआ, गन्ना, केला, नारियल, सेब, संतरा, पुआ, लडुआ और हल्दी जैसे विभिन्न प्रसाद सजाकर सूर्य देव को अर्पित किए। पूजा के बाद लोगों ने एक-दूसरे के बीच प्रसाद वितरित किया, जिसके साथ ही महापर्व का शुभ समापन हुआ। नगर पंचायत बढ़नीचाफा के साऊपुरा घाट, राप्ती नदी तट, तेनुहार, जखौली, भारतभारी सागर और बघनी घाट सहित सभी प्रमुख छठ स्थलों पर देर रात से ही श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
हल्की ठंड के बावजूद लोगों का उत्साह देखते ही बन रहा था।इस अवसर पर पूर्व विधायक राघवेन्द्र प्रताप सिंह ने भी राप्ती नदी तट पर पहुंचकर उगते सूर्य को अर्घ्य दिया।
उन्होंने क्षेत्रवासियों के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। पूर्व विधायक ने कहा कि छठ पूजा भारतीय संस्कृति की अद्भुत पहचान है, जहां महिलाएं अपने परिवार के स्वास्थ्य और समृद्धि के लिए 36 घंटे तक निर्जल व्रत रखती हैं। यह त्याग, श्रद्धा और मातृत्व का अद्भुत उदाहरण है।
पर्व के सुचारु आयोजन के लिए स्वास्थ्य विभाग द्वारा आपातकालीन मेडिकल कैंप लगाया गया था। सुरक्षा व्यवस्था हेतु सीसीटीवी कैमरे, महिला व पुरुष पुलिसकर्मी और प्रशासनिक अधिकारी मुस्तैदी से तैनात रहे।
घाटों की सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी सीओ बृजेश कुमार वर्मा और थाना प्रभारी श्रीप्रकाश यादव के नेतृत्व में की गई। इस दौरान एसडीएम राजेश कुमार, नायब तहसीलदार विष्णु प्रसाद सिंह, ईओ सचिन कुमार पटेल और लिपिक सै. हसन ताकीब सहित अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।

















