Crowd of farmers at the seed distribution center in Itwa | इटवा में बीज वितरण केंद्र पर किसानों की भीड़: खाद के बाद अब गेहूं, चना, मसूर, सरसों के बीज की बढ़ी मांग – Itwa News

0
4

इटवा में किसानों को बीज के लिए भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। राजकीय गोदाम पर गेहूं, चना, मसूर और सरसों के बीज के लिए किसानों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी है। धान की फसल के लिए खाद के बाद अब बीज के लिए भी किसानों को लंबी कतारों में लगना पड़ रहा है।


विकास खंड कार्यालय इटवा परिसर स्थित राजकीय बीज भंडारण केंद्र पर फाउंडेशन 303 व 3226 प्रजाति के 250 क्विंटल बीज तथा करुण वंदना प्रजाति के 300 क्विंटल बीज उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अतिरिक्त मटर, मसूर, चना और सरसों का बीज भी गोदाम पर मौजूद है। बीज आने की सूचना मिलते ही किसानों की भीड़ उमड़ पड़ी।

बुधवार को गोदाम के कार्यालय पर टोकन काटने का कार्य शुरू हुआ, जिसके बाद ब्लॉक के पीछे नए भवन में बीज का वितरण प्रारंभ हुआ। भीड़ अधिक होने के कारण किसानों को बीज के लिए घंटों इंतजार करना पड़ा। कई किसान ऐसे भी थे, जो मंगलवार को घंटों लाइन में लगने के बाद भी बीज प्राप्त नहीं कर पाए थे और बुधवार को भी बीज पाने की प्रतीक्षा में लगे रहे।

कृष्णा मिश्रा, लाल बाबू, रहीम और सोनू जैसे किसानों ने बताया कि मंगलवार को बहुत लंबी लाइन थी और उन्हें बीज नहीं मिल पाया। उन्होंने उम्मीद जताई कि आज उन्हें बीज मिल जाएगा।

एडीओ कृषि इटवा योगेंद्र पाण्डेय ने बताया कि बीज आ चुका है और इसका वितरण मंगलवार से किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों को परेशानी न हो, इसके लिए पहले अंगूठा लगाकर टोकन बांटे जाते हैं, जिसके बाद उन्हें बीज उपलब्ध कराया जाता है।