Terror of wild animals in Shravasti | श्रावस्ती में जंगली जानवर का आतंक: दो बकरियों पर हमला कर मार डाला, वन विभाग ने कहा- भेड़िए की पुष्टि नहीं – Shravasti News

0
5

श्रावस्ती के भिनगा कोतवाली क्षेत्र के बंठिहवा गांव में जंगली जानवर का आतंक बढ़ता जा रहा है। रविवार रात को अज्ञात जंगली जानवर ने दो बकरियों पर हमला कर उन्हें मार डाला। वहीं, सोमवार रात को भी पड़ोसी गांव में इसी तरह के जानवर को देखे जाने की खबर से ग्रामीणों में दहशत फैल गई।


रविवार देर शाम बंठिहवा गांव निवासी अब्दुल बारी के घर से एक अज्ञात जंगली जानवर बकरी उठा ले गया। ग्रामीणों के शोर मचाने पर वह खेतों की ओर भाग गया। कुछ देर बाद उसी जानवर ने कुतुबुद्दीन के घर की बकरी पर भी हमला कर उसे उठा ले गया। ग्रामीणों के इकट्ठा होने पर थोड़ी दूर अरहर के खेत में दोनों बकरियों के शव बरामद हुए। उनके पेट फटे हुए थे और शरीर पर गहरे घाव थे, जिससे स्पष्ट था कि यह किसी जंगली जानवर का हमला था।

घटना के बाद ग्रामीणों ने टॉर्च और बाइक की रोशनी में देर रात तक जानवर की तलाश की, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। वहीं, सोमवार रात को बंठिहवा गांव से कुछ दूरी पर स्थित बग्गरवा गांव में भी लोगों ने जंगली जानवर को देखे जाने की सूचना दी। शोर मचाने पर जानवर खेतों की ओर भाग गया।

इस घटना से दोनों गांवों के लोगों में दहशत का माहौल है। कुछ ग्रामीणों ने इसे भेड़िया बताया, जबकि वन विभाग ने इस दावे की पुष्टि नहीं की है।

प्रभागीय वनाधिकारी धनराज मीणा ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसे बंठिहवा गांव का बताया जा रहा है और उसमें भेड़िए के हमले का दावा किया गया है।उन्होंने कहा, जांच में यह पुष्टि हुई है कि बकरियों पर किसी जंगली जानवर ने हमला किया है, लेकिन भेड़िए की पुष्टि नहीं हुई। वीडियो की जांच से यह भी स्पष्ट हुआ कि वायरल वीडियो श्रावस्ती जनपद का नहीं है।