
चीनी
– फोटो : गांव जंक्शन
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
सरकार 2025-26 विपणन वर्ष में चीनी निर्यात की अनुमति पर विचार कर रही है, क्योंकि इथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी का उपयोग कम होने से भंडार बढ़ गया है। केंद्रीय खाद्य सचिव संजीव चोपड़ा ने बताया कि अक्तूबर से सितंबर तक चलने वाले 2025-26 विपणन वर्ष के लिए शुरुआती स्टॉक अधिक है।चोपड़ा ने कहा, वर्ष 2024-25 में मिलों ने इथेनॉल के लिए केवल 34 लाख टन चीनी इस्तेमाल की, जबकि अनुमान 45 लाख टन था। वर्ष 2025-26 (अक्तूबर-सितंबर) के लिए शुरुआती स्टॉक अधिक है, उत्पादन 3.4 करोड़ टन अनुमानित है, तथा सालाना घरेलू मांग 2.85 करोड़ टन है।
केंद्रीय खाद्य सचिव ने कहा, हमारे पास निश्चित रूप से चीनी का भंडार ज्यादा है। जल्द ही कोई निर्णय लिया जा सकता है, क्योंकि सरकार उद्योग को निर्यात की योजना बनाने के लिए एक लंबा समय देना चाहेगी। इस मुद्दे पर निर्णय लेने के लिए मंत्रियों की एक समिति अगले सप्ताह बैठक कर सकती है। विपणन वर्ष 2024-25 के दौरान देश से 10 लाख टन के आवंटन के मुकाबले लगभग 8 लाख टन चीनी का निर्यात किया गया था।
वर्तमान में अंतरराष्ट्रीय कीमतें रिफाइंड चीनी के लिए बहुत अनुकूल नहीं हैं। चीनी का वर्तमान निर्यात मूल्य एक्स मिल मूल्य से कम है। शायद कच्ची चीनी का निर्यात हो भी सकता है। रिफाइंड चीनी की वैश्विक कीमत 3,829 रुपये प्रति क्विंटल है। औसत एक्स मिल कीमत 3,885 रुपये प्रति क्विंटल है।
इथेनॉल के लिए चीनी के उपयोग के संबंध में, चोपड़ा ने उद्योग की अधिक मात्रा की मांग पर सवाल उठाया, जब मिलें पिछले सीजन में सभी प्रतिबंध हटा दिए जाने के बावजूद आवंटित 45 लाख टन का उपयोग करने में विफल रहीं।





