ऐसे हुई मुठभेड़
पुलिस के मुताबिक, पप्पू शाह बिहार के गोपालगंज का रहने वाला है और लंबे समय से गौ-तस्करी के मामले में फरार चल रहा था। उसके खिलाफ गौ-हत्या निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम और आर्म्स एक्ट के तहत कई मुकदमे दर्ज हैं। फरारी के चलते पुलिस ने उस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
थानाध्यक्ष इत्यानंद पांडेय के नेतृत्व में यह कार्रवाई गुरुवार भोर में की गई। गश्त के दौरान पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि इनामी बदमाश बनस्पति माता मंदिर तिराहे की ओर आने वाला है। टीम ने इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की तो एक संदिग्ध व्यक्ति बिना नंबर की बाइक पर आता दिखा। पुलिस को देखते ही उसने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और वह मौके पर गिर पड़ा।
मौके से पुलिस ने एक देसी तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा और बिना नंबर की मोटरसाइकिल बरामद की। घायल बदमाश को पुलिस अभिरक्षा में अस्पताल भेजा गया है। उसके खिलाफ अब एक नया मुकदमा दर्ज किया गया है जिसमें आर्म्स एक्ट और बीएनएस की धाराएं शामिल हैं।
कुल 16 पुलिसकर्मी रहे शामिल
इस मुठभेड़ में उपनिरीक्षक अश्वनी कुमार मौर्या, अनूप कुमार, कृष्णचंद्र यादव, ओमप्रकाश यादव, मंजीत खरवार सहित कुल 16 पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ इसी तरह की सघन कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।












