मैनपुरी में पुलिस की दबंगई: वाहन चेकिंग के दौरान तीन युवकों को बीच सड़क पर पीटा

0
15
मैनपुरी जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने पुलिस व्यवस्था पर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। वाहन चेकिंग के दौरान तीन युवकों और पुलिसकर्मियों के बीच कहासुनी इतनी बढ़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। आरोप है कि पुलिसवालों ने तीनों युवकों को सरेआम बीच सड़क पर घसीटकर पीटा, गालियां दीं और बाल पकड़कर जीप में ठूंस दिया। विरोध करने पर उन्हें थप्पड़ों और मुक्कों से बुरी तरह मारा गया।

बुधवार शाम की है घटना

घटना बुधवार शाम की बताई जा रही है। वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है, जिसमें पुलिसकर्मी तीन युवकों पर लात-घूंसे बरसाते नजर आ रहे हैं। यह पूरा घटनाक्रम कोतवाली नगर क्षेत्र से करीब 50 किलोमीटर दूर किशनी थाना इलाके के यादव नगर चौराहे का है।

जानकारी के मुताबिक, राधा नगर निवासी सुनील अपने दोस्तों अजय और विनय के साथ बाइक से रिश्तेदारी में जा रहा था। रास्ते में पुलिस वाहन चेकिंग कर रही थी। तीनों ने हेलमेट नहीं पहना था, इसी वजह से पुलिस ने उन्हें रोका। युवकों का कहना है कि उनके पास सभी जरूरी कागजात थे, लेकिन जब उन्होंने सफाई देने की कोशिश की तो पुलिस ने मारपीट शुरू कर दी।

आरोप है कि कुसमरा चौकी पर तैनात सिपाही दिलीप कुमार ने एक युवक को बालों से पकड़कर पीटना शुरू कर दिया, वहीं सब-इंस्पेक्टर देवेंद्र सिंह मौके पर मौजूद रहते हुए भी कुछ नहीं बोले। कुछ राहगीरों ने यह दृश्य मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया और वीडियो वायरल कर दिया।

थाना प्रभारी ने कहा ये

वहीं, पुलिस ने युवकों के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि तीनों युवक शराब के नशे में थे, ट्रिपलिंग कर रहे थे और रोकने पर अभद्रता की। थाना प्रभारी किशनी ललित भाटी ने बताया कि युवकों का चालान किया गया है और शांति भंग की कार्रवाई भी की गई है। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और आस-पास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।