उत्तर प्रदेश में होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया अब यूपी पुलिस भर्ती बोर्ड के माध्यम से, OTR होगा अनिवार्य

0
1
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में होमगार्ड्स स्वयंसेवकों की भर्ती प्रक्रिया अब एक नए और पारदर्शी सिस्टम के तहत की जाएगी। राज्य सरकार ने इसके लिए बड़ा कदम उठाते हुए निर्णय लिया है कि होमगार्ड्स का एनरोलमेंट अब उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) के माध्यम से कराया जाएगा। इस संबंध में शासनादेश संख्या 60/2025/1780/पंचानबे 2025-08 प्रकीर्ण/2012 दिनांक 3 नवंबर 2025 को जारी किया गया है।

वन टाइम रजिस्ट्रेशन है जरूरी

भर्ती प्रक्रिया को पूरी तरह पारदर्शी, सुगम और उम्मीदवारों के अनुकूल बनाने के उद्देश्य से अब सभी अभ्यर्थियों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन (One Time Registration-OTR) अनिवार्य कर दिया गया है। इच्छुक उम्मीदवार बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर OTR प्रक्रिया पूरी कर सकते हैं। इसके लिए बोर्ड ने अलग से लिंक upprpb.in और apply.upprpb.in भी उपलब्ध कराए हैं, जिन पर जाकर अभ्यर्थी आवश्यक जानकारी भर सकते हैं।

भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि OTR पंजीकरण आवेदन प्रक्रिया का पहला और अनिवार्य चरण है। इसके बाद होमगार्ड एनरोलमेंट से संबंधित विस्तृत विज्ञप्ति जल्द ही जारी की जाएगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे किसी भी तरह की महत्वपूर्ण जानकारी से चूक न जाएं और बोर्ड की वेबसाइट पर समय-समय पर अद्यतन जानकारी देखते रहें।

अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए बोर्ड की वेबसाइट पर FAQ (Frequently Asked Questions) और एक वीडियो ट्यूटोरियल लिंक भी जारी किया गया है, जिससे उन्हें OTR प्रक्रिया समझने में आसानी होगी।

इसलिए नई प्रणाली से होगी भर्ती 

परीक्षा नियंत्रक, उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के अनुसार, इस नई प्रणाली का उद्देश्य भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता बढ़ाना, अभ्यर्थियों के समय की बचत करना और तकनीकी माध्यम से आवेदन प्रक्रिया को अधिक प्रभावी बनाना है। नई व्यवस्था से प्रदेशभर के इच्छुक अभ्यर्थियों को होमगार्ड बनने के लिए एक समान और निष्पक्ष अवसर मिलेगा।