मुठभेड़ में इनामी बदमाश ढेर
अपर पुलिस अधीक्षक (नगर) मधुबन कुमार सिंह ने बताया कि सिधारी थाना क्षेत्र में हुई लूट की एक घटना के सुराग जुटाने में लगी पुलिस को एसटीएफ से सूचना मिली थी कि कुछ बदमाश रौनापार की ओर भाग रहे हैं। सूचना पर एसटीएफ लखनऊ की टीम और आजमगढ़ के सिधारी थाने की पुलिस ने जोकहरा पुल के पास घेराबंदी की, ताकी बदमाशों को गिरफ्तार किया जा सके।
पुलिस अधिकारी ने दावा किया कि पुलिस को देखकर बदमाशों ने उन पर गोलियां चलानी शुरू कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में गोली चलायी जिसकी चपेट में आने से एक बदमाश घायल हो गया। उसके तीन अन्य साथी मौके से भाग निकले। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे सदर अस्पताल रेफर किया गया। चिकित्सकों की टीम ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
44 मुकदमों में था फरार
सिंह ने बताया कि मृत बदमाश की पहचान वाकिब उर्फ वाकिफ (27 वर्ष) के रूप में हुई है। उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित था। उसके खिलाफ आजमगढ़, जौनपुर, कुशीनगर समेत विभिन्न जिलों में चोरी, लूट, धोखाधड़ी, और गो-तस्करी सहित विभिन्न आरोपों में 44 मुकदमे दर्ज थे। उन्होंने बताया कि पुलिस ने मुठभेड़ स्थल से कारतूस, खोखे और अन्य साक्ष्य बरामद किए हैं। फरार बदमाशों की तलाश में अभियान चलाया जा रहा है।
(इनपुट – भाषा)
देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। लखनऊ (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।
End of Article















