Mushroom: घुमारवीं के ओसल जंगल में बेशकीमती और दुर्लभ गुच्छी मशरूम की खोज, कीमत 40 हजार रुपये किलो

0
0
गुच्छी

गुच्छी
– फोटो : सोशल मीडिया

विस्तार


हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल में वैज्ञानिक और स्थानीय लोग हैरानी में हैं। प्रदेश के सबसे गर्म और शुष्क इलाकों में से एक, बिलासपुर के ओसल जंगल में प्राकृतिक रूप से उगने वाली दुर्लभ गुच्छी मशरूम दिखाई दी। यह मशरूम हिमालय के ऊंचे, ठंडे और नम क्षेत्रों में ही उगने के लिए जानी जाती है।ग्राम पंचायत पनौल के ओसल जंगल में बुधवार सुबह सैर पर निकले राजीव शर्मा और विश्वबंधु ने मिट्टी में कुछ अलग देखा। करीब जाकर देखा तो यह वही मशरूम निकली, जो अपनी छत्तेदार बनावट और खास खुशबू के लिए मशहूर है। गुच्छी की बाजार कीमत 20 से 40 हजार रुपये प्रति किलो तक पहुँचती है।

गुच्छी के कई फायदे
जानकारों के अनुसार, गुच्छी किसी भी प्रकार की खेती या बुवाई से नहीं उगती। यह केवल प्राकृतिक रूप से ठंडे, छायादार और नम मिट्टी वाले इलाकों में ही पनपती है। इसके औषधीय गुण इसे हिमालय की सबसे महंगी खाद्य वस्तुओं में शामिल करते हैं।

वैज्ञानिकों का मानना है कि यह घटना पर्यावरणीय बदलाव और जलवायु परिवर्तन का संकेत भी हो सकती है। डॉ. देवेंद्र ठाकुर, निदेशक, प्रदेश बागवानी विभाग ने कहा, “यदि यह सिद्ध होता है कि गुच्छी अब अपेक्षाकृत गर्म इलाकों में भी उग सकती है, तो यह हमारे लिए एक बड़ी वैज्ञानिक उपलब्धि होगी।”

स्थानीय लोगों के लिए यह खोज न केवल उत्सुकता का विषय है, बल्कि उम्मीद की किरण भी है कि हिमालयी स्वाद अब निचले क्षेत्रों तक पहुँच सकता है। विशेषज्ञ इस घटना का अध्ययन कर रहे हैं और आने वाले समय में इसका व्यावसायिक उत्पादन भी संभव हो सकता है।