Delhi Blast Prompts High Alert in UP; Security Tightened at Different Cities including Shri Krishna Janmabhoomi in Mathura||दिल्ली धमाके के बाद यूपी में हाई अलर्ट; संवेदनशील इलाकों में सतर्कता बढ़ी, प्रशासन ने जारी किए सुरक्षा निर्देश

0
3
UP News: दिल्ली के लाल किले के पास सोमवार शाम लगभग सात बजे एक कार में जोरदार धमाका हुआ, जिसके कारण आसपास खड़ी कई अन्य गाड़ियों में आग लग गई और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में अब तक 13 लोगों की मृत्यु हो चुकी है और कई लोग घायल हैं। इस सनसनीखेज घटना के कारण दिल्ली से सटे आसपास के राज्यों में भी सुरक्षा व्यवस्था को बढ़ा दिया गया है। इस गंभीर स्थिति को देखते हुए, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण से घटना की जानकारी प्राप्त कर राज्य में सुरक्षा और सतर्कता को और मजबूत करने के निर्देश दिए। इसके तहत उत्तर प्रदेश की सभी पुलिस फोर्स को हाई अलर्ट पर रखा गया है और सघन जांच एवं सुरक्षा प्रबंध सुनिश्चित करने के आदेश जारी किए गए हैं। पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण ने इस संदर्भ में समस्त जनपदीय पुलिस अधिकारियों को आवश्यक सुरक्षा निर्देश जारी किए हैं।

क्या हैं सुरक्षा निर्देश?

  • सभी वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सीधे फील्ड में मौजूद रहें और संवेदनशील/भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों, बाजारों, सार्वजनिक कार्यक्रमों तथा धार्मिक स्थलों का व्यक्तिगत निरीक्षण, भ्रमण और पेट्रोलिंग करें।

  • महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों, धार्मिक स्थलों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और अन्य संवेदनशील बिंदुओं की सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की जाए और खतरे के आकलन (Threat Assessment) के अनुसार सुरक्षा स्तर तुरंत बढ़ाया जाए।
  • वाहनों की सघन जांच के साथ मेट्रो, बस अड्डे, रेलवे स्टेशन, मॉल, सिनेमा हॉल और अन्य सार्वजनिक परिवहन तथा भीड़भाड़ वाले केंद्रों पर सतर्कता बढ़ाई जाए, साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि आम जनता को अनावश्यक असुविधा न हो।
  • एटीएस, क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT), बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वॉड को पूरी तरह सक्रिय रखा जाए, और फुट पेट्रोलिंग व क्षेत्रीय नियंत्रण बढ़ाया जाए।
  • सीसीटीवी फीड का रीयल-टाइम विश्लेषण किया जाए; स्थानीय खुफिया तंत्र और नागरिक सूचना नेटवर्क को सक्रिय कर संदिग्ध गतिविधियों और व्यक्तियों की त्वरित सूचना सुनिश्चित की जाए।
  • भीड़भाड़ वाले स्थानों पर लावारिस वस्तुओं और संदिग्ध व्यक्तियों की सघन जांच की जाए।
  • यूपी 112 पीआरवी को लगातार संवेदनशील स्थानों पर भ्रमणशील रखा जाए।
  • सोशल मीडिया पर लगातार निगरानी रखी जाए, हर सूचना को गंभीरता से लिया जाए और अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाए।

श्रीकृष्ण जन्मभूमि हाई पर सतर्कता बढ़ी

इस संदर्भ में, धार्मिक दृष्टि से बेहद संवेदनशील मथुरा जिले को विशेष सुरक्षा श्रेणी में रखा गया है। प्रशासन ने श्रीकृष्ण जन्मभूमि और पूरे शहर में सतर्कता बढ़ा दी है। रविवार को मथुरा के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी जन्मभूमि पर सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करने पहुंचे। उन्होंने परिसर के सभी प्रवेश द्वार, सुरक्षा चौकियां, निगरानी टावर और सीसीटीवी कंट्रोल रूम का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान डीएम ने सुरक्षा कर्मियों को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों के मुताबिक, दिल्ली में हुई घटना को ध्यान में रखते हुए जिले की सुरक्षा पूरी तरह मजबूत की गई है और संवेदनशील स्थलों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एसएसपी ने बताया कि जन्मभूमि क्षेत्र को कई सुरक्षा जोन में विभाजित किया गया है। पुलिस और पीएसी टीमें लगातार गश्त कर रही हैं, जबकि बम डिस्पोजल स्क्वॉड, डॉग स्क्वॉड और एंटी टेरर यूनिट भी पूरी तरह अलर्ट पर हैं। मंदिर परिसर और आसपास आने वाले श्रद्धालुओं की सघन जांच की जा रही है।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) पढ़ें हिंदी में और देखें छोटी बड़ी सभी न्यूज़ Times Now Navbharat Live TV पर। लखनऊ (Cities News) अपडेट और चुनाव (Elections) की ताजा समाचार के लिए जुड़े रहे Times Now Navbharat से।

मनीष यादव
मनीष यादव Author

साल 2011 था जब इंद्रप्रस्थ से पत्रकारिता के सफर की सीढ़ियां चढ़ना शुरू किया । कुछ साल जयपुर रहा और अब ठिकाना अवध है। माइक पकड़ कर कोशिश करता हूं कि आम… और देखें

End of Article