
इस रबी सीजन उगाएं गेहूं की HD 3386 किस्म।
– फोटो : AI
विस्तार
रबी फसलों (Rabi Crops) की बुवाई का काम जोर-शोर से चल रहा है। इसी बीच, भारतीय कृषि अनुसंधान संस्थान (ICAR) ने सोशल मीडिया पर गेहूं की नई और उन्नत (Wheat Variety) किस्म पूसा गेहूं HD 3386 के बारे में जानकारी साझा की है। बंपर पैदावार के साथ पोषण से भरपूर
यह नई किस्म सिंचित और समय पर बुवाई के लिए सबसे उपयुक्त मानी गई है। HD 3386 किस्म से प्रति हेक्टेयर 62.5 क्विंटल तक की पैदावार मिल सकती है। यह किस्म 145 दिनों में पककर तैयार हो जाती है। उपज के अलावा यह किस्म पोषण के मामले में भी अव्वल है। इसमें आयरन और जिंक जैसे अहम पोषक तत्व अच्छी मात्रा में हैं।
रोगों से मिलेगा छुटकारा
यह किस्म पत्ती धब्बा और पीले रतुआ रोग के खिलाफ प्रतिरोधी है। इस खासियत के दम पर इन दोनों रोगों से फसल सुरक्षित रह सकती है।
इन राज्यों के किसानों के लिए है फायदेमंद
देश के उत्तर-पश्चिमी हिस्से के प्रमुख गेहूं उत्पादक इलाकों के लिए यह किस्म फायदेमंद है। इसकी खेती पंजाब, हरियाणा, दिल्ली, राजस्थान (कोटा और उदयपुर डिवीजनों को छोड़कर), पश्चिमी उत्तर प्रदेश (झांसी डिवीजन को छोड़कर), जम्मू और कश्मीर के कुछ हिस्सों (कठुआ जिला), हिमाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों (ऊना जिला और पांवटा घाटी) और उत्तराखंड (तराई क्षेत्र) में सफलतापूर्वक हो सकती है।
तेजी से बढ़ रहा गेहूं का रकबा
इस रबी सीजन (Rabi Season) गेहूं की बुवाई में काफी तेजी देखने को मिली है। सरकार के अनुसार, 31 अक्टूबर तक गेहूं का रकबा (Wheat Acreage) 3.3 लाख हेक्टेयर तक पहुंच गया है। वहीं, पिछले वर्ष इस समय यह आंकड़ा 2.3 लाख हेक्टेयर था।





