मुंबई. ही-मैन कहे जाने वाले दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र ने 89 साल की उम्र में दुनिया को अलविदा कह दिया है. धर्मेंद्र के निधन से देओल परिवार समेत पूरे सिनेमा जगत में शोक की लहर दौड़ गई है. उम्र संबंधी बीमारियों के चलते धर्मेंद्र पिछले कुछ वक्त मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती रहे. इसके बाद घर पर उनका इलाज चल रहा था. लेकिन अब उनके निधन की खबर सामने आई है. प्रोड्यूसर करण जौहर ने सोशल मीडिया पोस्ट करके दिग्गज अभिनेता धर्मेंद्र के निधन की जानकारी दी. पीएम नरेंद्र मोदी ने अभिनेता धर्मेंद्र के निधन पर शोक व्यक्त किया है.
बालीवुड के दिग्गज श्मशानघाट में मौजूद
धर्मेंद्र के निधन के बाद करण जौहर ने दिग्गज अभिनेता को श्रद्धांजलि दी. जिसमें वह लिखते हैं, एक युग का अंत हो गया. धर्मेंद्र के घर के बाहर भी कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज को देखा गया. इसमें अमिताभ बच्चन से लेकर देओल परिवार नजर आया.
लंबे समय से बीमार थे धर्मेंद्र
8 दिसंबर 1935 को जन्मे धर्मेंद्र कुछ दिन पहले ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती थे. कई दिनों तक अस्पताल में इलाज चला. इसके बाद उनका इलाज घर पर ही किया जाने लगा. लेकिन वक्त के साथ तबीयत नहीं सुधरी और आज सोमवार यानी 24 नवंबर 2025 को धर्मेंद्र का निधन हो गया.

















