Rapeseed Meal: चीनी मांग से रैपसीड मील के निर्यात में उछाल, अप्रैल-अक्तूबर में निर्यात 3% बढ़ा

0
1
रेपसीड खली का निर्यात।

रेपसीड खली का निर्यात।
– फोटो : गांव जंक्शन

विस्तार


रैपसीड मील की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय मांग, खासतौर पर चीन से, ने भारत के ऑयलमील निर्यात को चालू वित्त वर्ष 2025-26 की पहली सात महीनों में मजबूत बढ़त दी है। सॉल्वेंट एक्सट्रैक्टर्स’ एसोसिएशन ऑफ इंडिया (SEA) के अनुसार अप्रैल–अक्टूबर 2025-26 के दौरान भारत ने कुल 24.64 लाख टन ऑयलमील निर्यात किया, जो पिछले वर्ष की इसी अवधि के 23.88 लाख टन के मुकाबले 3.18 फीसदी अधिक है।रैपसीड मील निर्यात में उछाल, चीन ने खरीदा 5.81 लाख टन
SEA के कार्यकारी निदेशक बीवी मेहता ने बताया कि चीन से मजबूत मांग के चलते रैपसीड मील के निर्यात में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। इस अवधि में कुल रैपसीड मील निर्यात बढ़कर 12.52 लाख टन पहुंच गया, जबकि पिछले वर्ष यह 11.76 लाख टन था। सबसे बड़ा बदलाव चीन को हुए निर्यात में दिखा। भारत ने अप्रैल-अक्टूबर 2025-26 के दौरान चीन को 5.81 लाख टन रैपसीड मील निर्यात किया, जबकि पिछले साल इसी अवधि में यह मात्र 14,886 टन था यानी 3900% से अधिक की वृद्धि।

कुछ भारतीय कंपनियों ने हाल ही में GACC (चीन) के लिए Export Inspection Council of India (EIC) के माध्यम से निर्यात स्वीकृति के लिए आवेदन भी किया है। वर्तमान में भारतीय रैपसीड मील की कीमत 217 डॉलर/टन है, जो हैम्बर्ग (जर्मनी) के 244 डॉलर/टन की तुलना में प्रतिस्पर्धात्मक है।

डी-ऑयल्ड राइसब्रान निर्यात दोबारा शुरू, सरकार ने हटाया प्रतिबंध
सरकार ने 3 अक्टूबर 2025 से डी-ऑयल्ड राइसब्रान के निर्यात पर लगे प्रतिबंध को हटा दिया, जिससे इस उत्पाद का निर्यात फिर से शुरू हो गया है। अक्टूबर में भारत ने वियतनाम और नेपाल को कुल 14,589 टन राइसब्रान एक्सट्रैक्शन भेजा।

ग्राउंडनट मील निर्यात तीन गुना से अधिक बढ़ा
पिछले दो वर्षों में मूंगफली उत्पादन बढ़ने से उसकी क्रशिंग बढ़ी है, जिससे ग्राउंडनट मील का निर्यात भी तेज हुआ। भारत ने अप्रैल-अक्टूबर 2025-26 के दौरान 19,300 टन ग्राउंडनट मील का निर्यात किया, जबकि पिछले वर्ष यह केवल 7,823 टन था। SEA के सर्वे के अनुसार:

गुजरात में मूंगफली की खेती का क्षेत्र

  • 19.09 लाख हेक्टेयर से बढ़कर 22.02 लाख हेक्टेयर हो गया
  • इस बार उत्पादन का अनुमान 46.07 लाख टन
  • देशभर में कुल बोया गया क्षेत्र घटकर 48.36 लाख हेक्टेयर (पिछले वर्ष 49.96 लाख हेक्टेयर) रह गया

सोयाबीन और कैस्टरसीड मील निर्यात में गिरावट 

  • सोयाबीन मील निर्यात घटकर 10.19 लाख टन (पिछले वर्ष 10.23 लाख टन)
  • कैस्टरसीड मील निर्यात घटकर 1.58 लाख टन (पिछले वर्ष 1.66 लाख टन)

मुख्य आयातक देश: चीन और दक्षिण कोरिया प्रमुख

दक्षिण कोरिया

  • कुल आयात: 2.49 लाख टन (पिछले वर्ष 4.33 लाख टन)
  • रैपसीड मील: 1.31 लाख टन
  • कैस्टरसीड मील: 87,425 टन
  • सोयाबीन मील: 30,465 टन

चीन

  • कुल आयात: 5.88 लाख टन
  • रैपसीड मील: 5.81 लाख टन
  • कैस्टरसीड मील: 6,927 टन

बांग्लादेश

  • कुल आयात: 2.60 लाख टन
  • रैपसीड मील: 1.79 लाख टन
  • सोयाबीन मील: 81,433 टन

यूरोप

  • जर्मनी: 1.73 लाख टन सोयाबीन मील
  • फ्रांस: 1.06 लाख टन सोयाबीन मील