यूपी पुलिस ने कहा ये
यूपी पुलिस ने अपने बयान में कहा है कि पुलिस परेड ग्राउंड का उपयोग पुलिस प्रशिक्षण, अनुशासन और आधिकारिक समारोहों तक सीमित है। यदि किसी अन्य उद्देश्य से इसका इस्तेमाल किया गया है, तो वह नियमों का उल्लंघन माना जाएगा। इसी आधार पर बहराइच के पुलिस अधीक्षक से स्पष्टीकरण तलब किया गया है।
यूपी पुलिस द्वारा जारी पोस्ट में साफ कहा गया है कि जनपद बहराइच में आयोजित कार्यक्रम में पुलिस परेड ग्राउंड के अनधिकृत उपयोग का संज्ञान लिया गया है। पुलिस मुख्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि तय मानकों के उल्लंघन की स्थिति में संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
वीडियो वायरल होने के बाद बवाल
यह मामला तब सामने आया जब बहराइच पुलिस लाइन में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान कथावाचक पुंडरीक गोस्वामी को गार्ड ऑफ ऑनर और सलामी दिए जाने के वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं। वीडियो सामने आने के बाद इस आयोजन की वैधता और औचित्य पर सवाल उठने लगे।
राजनीतिक प्रतिक्रियाओं के बीच समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव और आजाद समाज पार्टी के अध्यक्ष चंद्रशेखर आजाद ने इस पूरे मामले पर सवाल खड़े किए। इसके बाद पुलिस मुख्यालय स्तर पर जांच की प्रक्रिया तेज हुई और अब डीजीपी स्तर से सख्त रुख अपनाया गया है।











