
गेहूं की फसल
– फोटो : सोशल मीडिया
विस्तार
गेहूं की अच्छी पैदावार के लिए संतुलित पोषण बेहद जरूरी है, लेकिन अक्सर किसान कुछ सूक्ष्म पोषक तत्वों को नजरअंदाज कर देते हैं। इन्हीं में से एक अहम तत्व है जिंक, जिसकी कमी भारत की करीब 40 प्रतिशत से अधिक कृषि भूमि में पाई जाती है। विशेषज्ञों के अनुसार, जिंक का सही समय और सही मात्रा में उपयोग करने से गेहूं की बढ़वार, हरापन और कल्लों की संख्या में बेहतर सुधार होता है।
गेहूं में जिंक क्यों है जरूरी?
कृषि विशेषजों के अनुसार, जिंक पौधों के लिए एक आवश्यक सूक्ष्म तत्व है। इसकी जरूरत भले ही कम मात्रा में होती है, लेकिन इसका असर फसल की सेहत पर गहरा पड़ता है।
- जिंक पौधों की वृद्धि और हरियाली बनाए रखता है।
- कल्लों के फुटाव में मदद करता है।
- पौधों की कुल मजबूती बढ़ाता है।
विशेषज्ञ बताते हैं कि एक बार मिट्टी में डाला गया जिंक लंबे समय तक प्रभावी रहता है और पौधा इसमें से केवल 5 से 10 प्रतिशत ही उपयोग कर पाता है। यदि धान की फसल में पहले से जिंक का प्रयोग किया गया हो, तो गेहूं में दोबारा जिंक देने की आवश्यकता नहीं होती।
गेहूं में जिंक की कमी के लक्षण
जिंक की कमी की पहचान करना थोड़ा मुश्किल जरूर है, लेकिन कुछ लक्षणों से इसे समझा जा सकता है-
- पौधों की बढ़वार रुक जाना
- पत्तियों पर समानांतर पीली धारियां, जबकि नसें हरी रहना
- अन्य पौधों की तुलना में छोटे और कमजोर पौधे
- खेत के कुछ सीमित हिस्सों में ही समस्या दिखना
- गेहूं में जिंक का सही समय और मात्रा
विशेषज्ञों के अनुसार, जिंक का प्रयोग बुवाई के समय करना सबसे बेहतर होता है। हालांकि, यदि बुवाई के समय जिंक नहीं डाला गया हो, तो बाद में भी इसका उपयोग किया जा सकता है।
मिट्टी में प्रयोग के लिए
- जिंक सल्फेट 33% : 6 किलोग्राम प्रति एकड़
- या जिंक सल्फेट 21% : 10 किलोग्राम प्रति एकड़
इसे यूरिया के साथ मिलाकर पहली सिंचाई के समय खेत में डाल सकते हैं।
स्प्रे के माध्यम से
- जिंक सल्फेट 33% : 800 ग्राम को 200 लीटर पानी में घोलकर प्रति एकड़ छिड़काव
- या चेल्टेड जिंक : 150 ग्राम प्रति एकड़
मिट्टी जांच है सबसे जरूरी
कृषि विशेषज्ञों की सलाह है कि गेहूं की बुवाई से पहले मिट्टी की जांच जरूर कराएं। इससे यह पता चल जाता है कि खेत में किस पोषक तत्व की कितनी कमी है। मिट्टी परीक्षण के आधार पर खाद और पोषक तत्वों का संतुलित प्रयोग करने से किसान कम लागत में अधिक पैदावार हासिल कर सकते हैं।





