ये है मामला
घटना शुक्रवार तड़के की है, जब पुलिस लाइन से साप्ताहिक परेड में शामिल होने के लिए सिपाहियों को लेकर एक वैन डिडौली क्षेत्र स्थित आरटीसी कैंपस जा रही थी। अमरोहा देहात थाना क्षेत्र में जोया रोड पर बंबूगढ़ चौराहे के पास दृश्यता बेहद कम थी। इसी दौरान पीछे से आ रहे ट्रक ने पुलिस वैन को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वैन में सवार पुलिसकर्मी घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही देहात थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया गया। घायल कांस्टेबल विनोद, अंजनी और प्रवीण का इलाज चल रहा है। चिकित्सकों के मुताबिक सभी की हालत में अब सुधार है, हालांकि दो सिपाहियों की पसलियों में फ्रैक्चर की पुष्टि हुई थी।
केस हुआ दर्ज
पुलिस ने वैन चालक यशवीर सिंह की तहरीर पर ट्रक नंबर के आधार पर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। प्रभारी सीओ शक्ति सिंह ने बताया कि हादसे में लापरवाही सामने आई है, जिसे गंभीरता से लिया गया है। ट्रक चालक के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है और दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सड़क सुरक्षा नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया जाएगा, खासकर ऐसे मामलों में जहां ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मी घायल हुए हों।












