जुलाई में हुई थी प्रतियोगिता
यह प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिता 27 जून से 6 जुलाई 2025 के बीच अमेरिका के बर्मिंघम, अलबामा में आयोजित हुई थी। दुनिया भर से पुलिस और फायर सर्विस से जुड़े खिलाड़ी इसमें शामिल हुए थे। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच कांस्टेबल रिया वर्मा ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल पांच पदक अपने नाम किए। उन्होंने दो स्वर्ण, दो रजत और एक कांस्य पदक जीतकर भारत का परचम लहराया।
रिया की इस सफलता को सहारनपुर पुलिस के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि माना जा रहा है। उनका प्रदर्शन यह दर्शाता है कि पुलिस सेवा के साथ-साथ खेल के क्षेत्र में भी महिला पुलिसकर्मी पूरी मजबूती और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रही हैं। यह उपलब्धि केवल पदकों तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे उत्तर प्रदेश पुलिस की सकारात्मक छवि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और मजबूत हुई है।
इस उपलब्धि पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक आशीष तिवारी ने कांस्टेबल रिया वर्मा को सम्मानित करते हुए उन्हें विभाग का गौरव बताया। उन्होंने कहा कि रिया की सफलता निरंतर अभ्यास, अनुशासन और मजबूत इच्छाशक्ति का परिणाम है। उनका यह प्रदर्शन पुलिस बल के अन्य जवानों, खासकर महिला कर्मियों और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगा।
एसपी ने किया सम्मानित
सम्मान समारोह के दौरान रिया वर्मा को प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की गई। सहारनपुर पुलिस महकमे में उनकी इस उपलब्धि को लेकर खासा उत्साह देखा गया है। रिया वर्मा की यह सफलता साबित करती है कि मेहनत, समर्पण और आत्मविश्वास के साथ कोई भी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश और प्रदेश का नाम रोशन कर सकता है।












