कानपुर में शीतलहर और घने कोहरे ने आम जनजीवन को थाम सा दिया है। गलन भरी ठंड के चलते लोग घरों से निकलने से बच रहे हैं, लेकिन इसी ठिठुरन के बीच कानपुर पुलिस का एक संवेदनशील चेहरा सामने आया है, जिसने लोगों का दिल जीत लिया।
ये है मामला
बिठूर थाना क्षेत्र की मंधना चौकी पर तैनात सिपाही जहान सिंह ने ड्यूटी निभाते हुए इंसानियत की ऐसी मिसाल पेश की, जिसकी चर्चा अब हर ओर हो रही है। रविवार को जब तापमान काफी गिर चुका था, तब उनकी नजर जीटी रोड फ्लाईओवर के नीचे ठंड से कांप रहे कुछ बुजुर्गों पर पड़ी।
बुजुर्गों की हालत देखकर सिपाही जहान सिंह रुके नहीं। सबसे पहले उन्होंने उनके लिए गर्म चाय की व्यवस्था करवाई, ताकि ठंड से कुछ राहत मिल सके। इसके बाद भी उनका दिल नहीं माना। बुजुर्गों के पास न तो कंबल था और न ही ठंड से बचने का कोई साधन।
जहान सिंह अपनी जेब से पैसे लेकर मंधना बाजार पहुंचे और वहां से कंबल खरीदकर बुजुर्गों को ओढ़ाए। यहीं नहीं, उन्होंने खाने-पीने की व्यवस्था के लिए बुजुर्गों को नकद सहायता भी दी, जिससे वे अपनी जरूरतें पूरी कर सकें।
लोगों ने की तारीफ
इस पूरी घटना को चौकी के आसपास मौजूद लोगों ने देखा और सिपाही के इस मानवीय व्यवहार की जमकर सराहना की। स्थानीय लोगों का कहना है कि ऐसे पुलिसकर्मी ही समाज में भरोसा कायम करते हैं। सोशल मीडिया पर भी जहान सिंह को “रियल हीरो” बताया जा रहा है और उनकी इस पहल को गुड पुलिसिंग का बेहतरीन उदाहरण माना जा रहा है।











