SSP अनुराग आर्य के तेवर सख्त, बारादरी हत्याकांड के आरोपी पर लगा गैंगस्टर एक्ट

0
25
 

बरेली। बारादरी इलाके में हुए गौरव गोस्वामी हत्याकांड को लेकर पुलिस ने अब अपराधियों के नेटवर्क पर सीधा वार किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अनुराग आर्य के सख्त निर्देशों के बाद इस मामले में शामिल सभी आरोपियों को गैंगस्टर एक्ट के दायरे में लाने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस द्वारा गैंग का पंजीकरण किए जाने के बाद आरोपियों के बीच अफरा-तफरी का माहौल है।

बारादरी थाने की विस्तृत रिपोर्ट के आधार पर सीओ तृतीय पंकज श्रीवास्तव और एसपी सिटी मानुष पारीक ने प्रस्ताव को मंजूरी दी। इसके बाद एसएसपी अनुराग आर्य ने मुख्य आरोपी निशांत सोनकर को आपराधिक गैंग का सरगना घोषित कर दिया। पुलिस अब गैंगस्टर एक्ट के तहत अलग से मुकदमा दर्ज करने की तैयारी में है।

दिनदहाड़े हुई थी सनसनीखेज वारदात

गौरव गोस्वामी की हत्या 11 सितंबर को बारादरी थाना क्षेत्र में खुलेआम गोली मारकर की गई थी। गौरव विशारतगंज के वार्ड सात का निवासी था और हनुमान दल में जिला उपाध्यक्ष के पद पर कार्यरत था। इस वारदात के बाद पूरे शहर में आक्रोश फैल गया था।

मृतक के पिता छोटेलाल की तहरीर पर पुलिस ने निशांत उर्फ बिहारी सहित आठ लोगों को नामजद करते हुए हत्या का केस दर्ज किया था। शुरुआती जांच में ही पुलिस ने मुख्य आरोपी निशांत को गिरफ्तार कर लिया था, जिसके पास से हत्या में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा भी बरामद हुआ था।

इसके अलावा फरार चल रहे आरोपी शेखर को पुलिस ने बाद में मुठभेड़ के दौरान दबोच लिया। विवेचना पूरी होने पर पुलिस ने निशांत, चंदन, अभय, राजा, समीर, शेखर, नैतिक और अनस के खिलाफ अदालत में आरोप पत्र दाखिल कर दिया।

आरोपियों को बक्शा नहीं जायेगा

अब गैंगस्टर एक्ट की कार्रवाई से आरोपियों पर शिकंजा और कस गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गौरव गोस्वामी हत्याकांड में शामिल किसी भी आरोपी को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और आगे भी कठोर कानूनी कदम उठाए जाएंगे।