आगरा पुलिस का रिपोर्ट कार्ड 2025: पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने गिनाईं साल भर की बड़ी उपलब्धियां

0
11
आगरा। साल 2025 के अंतिम दिन आगरा पुलिस कमिश्नरेट की ओर से पूरे वर्ष की पुलिसिंग का लेखा-जोखा प्रस्तुत किया गया। पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आगरा पुलिस की उपलब्धियों और कार्यप्रणाली पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि वर्ष 2025 में प्रभावी रणनीति, आधुनिक तकनीक और पुलिस बल के समन्वित टीमवर्क के चलते अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में उल्लेखनीय सफलता हासिल की गई है।

सीपी ने दी जानकारी

पुलिस कमिश्नर ने बताया कि वर्ष के दौरान कई बड़े और संवेदनशील मामलों का सफल खुलासा किया गया। अवैध धर्मांतरण रैकेट पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने 10 युवतियों को सुरक्षित रेस्क्यू किया और इस मामले में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। यह कार्रवाई पुलिस के लिए एक बड़ी उपलब्धि रही।

इसके साथ ही उन्होंने बताया कि वर्ष भर में कुल 2478 मुकदमों में प्रभावी और मजबूत पैरवी की गई, जिसके परिणामस्वरूप 3646 अभियुक्तों को सजा दिलाई गई। इनमें 3 अपराधियों को मृत्युदंड और 246 को आजीवन कारावास की सजा सुनाई गई।

दीपक कुमार ने कहा कि लूट, डकैती, हत्या और चोरी जैसे गंभीर अपराधों में बीते वर्ष की तुलना में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। यह पुलिस की सतत निगरानी और त्वरित कार्रवाई का परिणाम है। इसके अलावा, सामाजिक स्तर पर शांति बनाए रखने के लिए परिवार परामर्श केंद्र की भूमिका भी सराहनीय रही, जहां 4906 घरेलू विवादों का आपसी सहमति से समाधान कराया गया।

इन मामलों में भी चला अभियान

उन्होंने यह भी बताया कि सड़क पर स्टंटबाजी, खुले में शराब पीने, नशाखोरी और साइबर अपराधों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया गया। साइबर अपराधों पर नियंत्रण के लिए विशेष टीमें गठित की गईं, जिससे आम नागरिकों को राहत मिली। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि आने वाले वर्ष में भी आगरा पुलिस कानून-व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करती रहेगी।