पूछे जाएंगे ये सवाल
यूपी पुलिस भर्ती परीक्षा में पूछे जाने वाले प्रश्न सामान्य ज्ञान, सामान्य हिंदी, संख्यात्मक व मानसिक योग्यता, अभिरुचि और तार्किक क्षमता से जुड़े होंगे। सभी प्रश्न वस्तुनिष्ठ होंगे और परीक्षा ओएमआर शीट पर कराई जाएगी। सीमित समय में अधिक प्रश्न हल करना अभ्यर्थियों के लिए चुनौतीपूर्ण रहेगा, इसलिए बेहतर टाइम मैनेजमेंट और नियमित अभ्यास जरूरी होगा।
रिक्त पदों की बात करें तो कुल 32,679 पदों में से 15,131 पद पीएसी के हैं। इनमें लखनऊ, बदायूं और गोरखपुर की पीएसी महिला वाहिनियों के 2,282 पद भी शामिल हैं। इसके अलावा विशेष सुरक्षा बल में 1,341 पदों, सिपाही घुड़सवार के 71 पदों, जेल वार्डर पुरुष के 3,279 पदों, जेल वार्डर महिला के 106 पदों और सिपाही नागरिक पुलिस के 10,459 पदों पर भी भर्ती की जाएगी।
अब तक इतने आवेदन प्राप्त
उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती व प्रोन्नति बोर्ड के अनुसार अब तक एक लाख से अधिक ऑनलाइन आवेदन प्राप्त हो चुके हैं। आयु सीमा में तीन साल की छूट दिए जाने के बाद अनुमान है कि लगभग 40 लाख अभ्यर्थी इस भर्ती के लिए आवेदन कर सकते हैं।
इससे पहले दो वर्ष पूर्व 62,244 पदों पर हुई भर्ती में करीब 48 लाख युवाओं ने आवेदन किया था। ऐसे में प्रतियोगिता को देखते हुए अभ्यर्थियों को नए परीक्षा पैटर्न के अनुसार अपनी तैयारी मजबूत करनी होगी, ताकि दो घंटे में 150 प्रश्नों को सही ढंग से हल किया जा सके।











